गुजरात चुनावः प्रतिभा आडवाणी को मैदान में उतार सकती है भाजपा
अहमदाबाद की नरोडा सीट के लिए भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी की पुत्री प्रतिभा आडवाणी का नाम चर्चा में है।
जागरण संवाददाता, अहमदाबाद। कांग्रेस और भाजपा में गुजरात चुनाव के प्रथम चरण के प्रत्याशियों के नामों पर विचार-विमर्श का दौर जारी है। इस बीच, अहमदाबाद की नरोडा सीट के लिए भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी की पुत्री प्रतिभा आडवाणी का नाम चर्चा में है।
नरोडा विधानसभा से इस समय निर्मला वाघवाणी विधायक हैं। इस बार उनकी दावेदारी का विरोध हो रहा है। उनसे पहले नरोडा सीट से डॉ मायाबेन कोडनानी विधायक चुनी गई थीं। लेकिन, गुजरात दंगे में उनको सजा होने के बाद भाजपा ने निर्मला वाघवाणी पर दांव आजमाया था।
भाजपा के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल के सदस्य तथा पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी गांधीनगर लोकसभा सीट से सांसद हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में उनका लड़ना अभी से अनिश्चित सा लग रहा है। भाजपा अब उनकी पुत्री प्रतिभा आडवाणी को नरोडा विधानसभा से मैदान में उतार सकती है। प्रतिभा अपने पिता के साथ गुजरात में सक्रिय रूप से काम कर चुकी हैं तथा अब तक हुए हर चुनाव में वे यहां मौजूद रही हैं।
यह भी पढ़ेंः योगी सरकार ने केंद्र से मांगे 72 हजार करोड़ रुपये
यह भी पढ़ेंः पंचायत चुनाव से पहले ममता सरकार हिंदू परिवारों में बांटेगी गाय