Shalimar Bagh Election Result 2020: AAP ने शालीमार बाग सीट जीती, बंदना कुमारी ने भाजपा की रेखा गुप्ता को धूल चटाई
Shalimar Bagh Assembly Result Live Updates AAP की बंदना कुमारी ने जीत हासिल कर ली है। भाजपा की रेखा गुप्ता ने इस सीट से कड़ी टक्कर दी।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली विधानसभा की शालीमार बाग सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार बंदना कुमारी ने जीत हासिल कर ली है। इस जीत के साथ ही आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी बंदना कुमारी तीसरी बार विधायक पद की शपथ लेंगी। इससे पहले वह लगातार दो बार चुनाव जीत चुकी हैं। भाजपा की ओर से रेखा गुप्ता और कांग्रेस की ओर से जेएस नायोल ने आप प्रत्याशी को हराने का खूब प्रयास किया लेकिन आखिरकार बंदना कुमारी को जनता ने अपना विधायक चुन लिया।
Shalimar Bagh Assembly Result Live Updates: जानिए किसको मिले कितने वोट
- दैनिक जागरण संवाददाता के मुताबिक आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी बंदना कुमारी ने शालीमार बाग सीट से चुनाव में जीत हासिल की है। उन्होंने विपक्षी प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार को 3440 वोटों के अंतर से शिकस्त दी है।
- मतगणना की शुरुआत में आए रुझानों में बंदना कुमारी भाजपा प्रत्याशी से काफी पीछे चल रही थीं। लेकिन, जैसे जैसे अगले राउंड की कांउटिंग होती रही बंदना बढ़त बनाती चली गईं। वोटों की मिली बढ़त अंत तक उनकी जीत में तब्दील हो गई। बंदना कुमारी को कुल 57707 वोट हासिल हुए।
- भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रेखा गुप्ता शालीमार बाग सीट से शुरुआती रुझानों में आगे चल रही थीं। लेकिन, काउंटिंग के बढ़ते राउंड के साथ उनके वोटों में कमी आती चली गई। रेखा गुप्ता को 54267 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहीं।
- कांग्रेस के प्रत्याशी जेएस नायोल को बुरी हार का सामना करना पड़ा। वह मतगणना की शुरुआत से ही पीछे चल रहे थे और अंत तक वह पीछे ही रहे। उन्हें कुल 2491 वोट हासिल हुए और वह तीसरे स्थान पर रहे।
शानदार है शालीमार बाग का चुनावी इतिहास
दिल्ली के पुराने इलाकों में शुमार शालीमार विधानसभा सीट दिल्ली की 70 सीटों में से एक है। मुगलकालीन विरासत समेटे इस क्षेत्र को 1993 में पहली बार विधानसभा क्षेत्र बनाया गया। पहले चुनाव में भाजपा के साहिब सिंह वर्मा यहां से विधायक बने। शुरुआत से ही बीजेपी ने इस सीट पर अपनी पकड़ बनाई और लगातार 4 बार यह सीट अपने खाते में की। भाजपा के रविंद्र नाथ बंसल यहां से लगातार 3 बार विधायक बनने वाले इकलौते नेता हैं। वर्तमान में यहां से आम आदमी पार्टी की बंदना कुमार विधायक हैं।
वह यहां से लगातार दूसरी बार विधायक चुनी गई हैं। पहले बाहरी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा रहा यह इलाका 2008 में चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के हिस्से में पहुंच गया। दिल्ली की इस सीट को कांग्रेस कभी जीत नहीं सकी। शुरुआती चार चुनावों में कांग्रेस दूसरे स्थान तक तो पहुंची लेकिन वह विजय पताका फहराने में कामयाब नहीं हो सकी।