Delhi Election 2020: AAP उम्मीदवार के समर्थन में सिंगर विशाल ददलानी ने किया रोड शो
Delhi Assembly Elections 2020 संगीतकार और सिंगर विशाल ददलानी ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार किया।
नई दिल्ली, एएनआइ। Delhi Assembly Elections 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। संगीतकार और सिंगर विशाल ददलानी ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार किया। विशाल ददलानी ने रमेश नगर में आप उम्मीदवार के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की।
संगीतकार विशाल ददलानी ने आप उम्मीदवार के पक्ष में रोड शो भी किया। इस दौरान उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
आरोप-प्रत्यारोप हो रहे हैं तेज
बता दें कि मुख्यमंत्री केजरीवाल पार्टी उम्मीदवारों के लिए रोड शो कर रहे हैं। इस बीच बयानबाजी भी तेज हो गई है। सोमवार को उन्होंने भाजपा पर शाहीन बाग मसले पर गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पार्टी दफ्तर में हुई प्रेस वार्ता में कहा, मेरी भाजपा के सभी बड़े नेताओं से अपील है कि वे शाहीन बाग जाकर प्रदर्शन करने वालों से बात करें और रास्ता खुलवाएं। रास्ता बंद होने से लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया, मैं जानता हूं कि भाजपा 8 फरवरी के बाद ही रास्ता खुलवाएगी। भाजपा हर चीज पर राजनीति करती है।
केजरीवाल ने कहा, मुझे बेहद दुख है कि शाहीन बाग मुद्दे पर भाजपा गंदी राजनीति कर रही है। वहां कई दिनों से रास्ता बंद है। इसकी वजह से स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है। एंबुलेंस को परेशानी हो रही है। 40 मिनट का रास्ता लोग ढाई-तीन घंटे में तय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में संविधान के तहत हर व्यक्ति को विरोध-प्रदर्शन का अधिकार है, लेकिन इससे आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए। शाहीन बाग में लोगों को कई दिनों से तकलीफ हो रही है। केंद्र में भाजपा की सरकार है, जिसके अंतर्गत दिल्ली की कानून व्यवस्था आती है। वह इस समस्या का समाधान क्यों नहीं कर रही है? भाजपा नेता रोज सिर्फ प्रेस वार्ता कर रहे हैं।
Delhi Assembly Elections 2020 : कस्तूरबा नगर सीट पर कांग्रेस ने युवा चेहरे पर लगाया दांव
Delhi Election 2020 : प्रत्याशी बोले- बल्लीमारान में लोगों की समस्याओं का करेंगे समाधान