Traffic Diversion: दिल्ली चुनाव के 21 मतगणना स्थलों के आसपास रास्ते बंद, डायवर्जन लागू
Traffic Diversion दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए हो रही मतगणना की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कई जगहों पर रास्ता बंद कर दिया है। देर शाम तक इन मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 (Delhi Assembly Election 2020) की 70 विधानसभाओं के लिए शनिवार (08-फरवरी-2020) को मतदान हुआ था। आज वोटों की गिनती होनी है। मतगणना के लिए 21 केंद्र बनाए गए हैं। आठ बजे से इन केंद्रों पर मतगणना शुरू होनी है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मतगणना स्थलों के आसपास बैरीकेड लगा रास्ते बंद किए हुए हैं।
मतगणना स्थलों के आसपास रास्ता बंद कर ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन लागू कर दिया है। इसकी वजहों से वाहन चालकों को आज दिल्ली के कई रास्तों पर जाम का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक मतगणना जारी रहने तक डायवर्जन लागू रहेगा। लिहाजा वाहन चालकों को सलाह दी जा रही है कि वह वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
डायवर्जन की जानकारी देने के लिए दिल्ली पुलिस लगातार ट्वीट भी कर रही है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ट्विटर हैंडल पर जाकर भी डायवर्जन संबंधी ताजा जानकारी प्राप्त की जा सकती है। मतगणना के लिए यमुनापार के चार स्थानों पर केंद्र बनाए गए हैं।
पूर्वी जिला अंतर्गत अक्षरधाम स्थित खेल गांव में ईवीएम रखने के लिए स्ट्रांग रूम बनाया गया था। इसके अलावा शाहदरा जिला स्थित ITI नंद नगरी में भी स्ट्रांग रूम बनाया गया है। उत्तरी-पूर्वी जिले के दो स्थान ITI नंद नगरी की नई बिल्डिंग और शास्त्री पार्क स्थित राजकीय सर्वोदय विद्यालय में भी स्ट्रांग रूम बनाया गया है। इन सभी जगहों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो चुकी है।
यहां लागू किया गया है डायवर्जन -
1. नंद नगरी से भोपुरा मार्ग दोनों तरफ बंद है।
2. महारानी बाग से सीवी रमन मार्ग और माता मंदिर से सीवी रमन मार्ग दोनों तरफ से बंद है।
3. मुनी माया राम मार्ग से कस्तूरबा गांधी पॉलिटेक्निक कॉलेज पितमपुरा तक का मार्ग भी दोनों तरफ बंद है। वाहन चालक इसकी जगह नेताजी सुभाष मार्ग और शालीमार बाग मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
4. द्वारका सेक्टर 6-7 क्रॉसिंग से शक्ति चौक और रुद्रा कट से टी प्वाइंट तक के मार्ग पर भी डायवर्जन लागू है।
5. रोड नंबर 224 द्वारका पर सेक्टर 7-9 क्रॉसिंग से सेक्टर 9-10 क्रॉसिंग तक मार्ग बंद कर दिया गया है।
6. केएन काटजू मार्ग से बवाना अथॉरिटी जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद किया गया है।
7. भजनपुरा से गगन सिनेमा तक दोनों तरफ का मार्ग बंद किया गया है।
8. खजूरी से करावल नगर तक दोनों तरफ धरना-प्रदर्शन की वजह से मार्ग बंद किया गया है। अंकुर विहार की तरफ जाने वाले वाहन चालक सोनिया विहार पुस्ता मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
9. जामिया मिलिया यूनिवर्सिटी से सुखदेव विहार और मथुरा रोड से सराई जुलेना तक दोनों तरफ का मार्ग बंद है।