Delhi election 2020: रवि शंकर प्रसाद बोले- पीएम मोदी के नेतृत्व में तेजी से होगा दिल्ली का विकास
Delhi election 2020 यदि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी तो प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में दिल्ली का विकास तेज गति से होगा।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मटियाला विधानसभा क्षेत्र स्थित श्याम विहार में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने के लिए लोग अपना आशीर्वाद भाजपा प्रत्याशियों को दें। यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो दिल्ली का विकास तेज गति से होगा और दिल्ली दुनिया की सर्वश्रेष्ठ राजधानी बन जाएगी। अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति दुश्मनी का भाव रखते हैं। केजरीवाल की निरंकुशता का आलम यह है कि दिल्ली के मुख्य सचिव के साथ भी गलत व्यवहार किया। ऐसे में यह आपको तय करना है कि आपको लड़ने झगड़ने वाली सरकार चाहिए या फिर ऐसी सरकार जो दिल्ली को विकास के रास्ते पर लेकर जाए।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। आज तकनीक के क्षेत्र भारत का डंका पूरी दुनिया में बज रहा है। यदि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी तो प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में दिल्ली का विकास तेज गति से होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को केजरीवाल दिल्ली में लागू नहीं होने दे रहे हैं। क्योंकि उन्हें डर है कि इससे नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता बढ़ जाएगी। आम आदमी पार्टी की सरकार गरीबों का हक मारने वाली सरकार है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर देश को विकास के पथ पर आगे लेकर जा रहे हैं।
खेसारी लाल यादव ने भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट
विधानसभा चुनाव का प्रचार अंतिम चरण में हैं। इलाके में विभिन्न पार्टियों के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में भोजपुरी फिल्म अभिनेता खेसारी लाल यादव ने इलाके में कई जगहों पर जनसभा को संबोधित किया। द्वारका विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी प्रद्युम्न राजपूत के समर्थन में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि भाजपा ही इस देश का विकास कर सकती है। भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा भी करती है। ऐसे में इस चुनाव में आप सभी भाजपा प्रत्याशियों को वोट देकर विजयी बनाएं। इसके बाद उत्तम नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा में पहुंचे खेसारी लाल यादव ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी कृष्ण गहलोत ने पार्षद रहते हुए कई कार्य किए हैं। आप सभी उनको अपना आशीर्वाद दीजिए। इनकी जीत से पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य काफी तेजी से होगा। इस दौरान काफी संख्या में लोग मौजूद थे।