Delhi Election 2020: BJP सांसद बोले- टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करती है AAP सरकार
Delhi Election 2020 प्रवेश वर्मा ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने पांच वर्षों तक युवा महिला किसान मजदूर और आम आदमी को छलने का काम किया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नागरिकता संशोधन कानून और भाजपा के समर्थन में युवाओं ने मोटरसाइकिल रैली निकाली। प्रदेश भाजपा कार्यालय से रैली शुरू होकर राजधानी के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए पार्टी कार्यालय में पहुंचकर समाप्त हुई। इसे विजय संकल्प रैली नाम दिया गया था। इसमें शामिल युवाओं ने कहा कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और कम्युनिस्ट पार्टी नागरिकता कानून को लेकर झूठ फैला रही है। माहौल खराब करने की साजिश हो रही है, इसलिए युवा सड़क पर उतर रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी, सांसद विजय गोयल और मीनाक्षी लेखी ने हरी झंडी दिखाकर विजय संकल्प रैली को रवाना किया। तिवारी व गोयल एक साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर कुछ दूर तक रैली में शामिल रहे। गोल मार्केट, मंडी हाउस, विकास मार्ग, आइएसबीटी, दिल्ली विश्वविद्यालय, आजादपुर होते हुए रैली ब्रिटानिया चौक पहुंची, जहां सांसद प्रवेश वर्मा भी उसमें शामिल हुए। वहां से पंजाबी बाग, धौला कुआं होते हुए रैली वापस पंत मार्ग स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंची।
मनोज तिवारी ने कहा कि देश की प्रगति और उसे आगे बढ़ाने में युवाओं का योगदान सबसे अधिक है। युवा देश की एकता और अखंडता की शपथ लेते हुए सीएए पर झूठ व भ्रम का माहौल बनाने वालों के खिलाफ सड़क पर उतरे हैं। हताश विपक्ष अपनी चुनावी संभावनाओं को पूरा करने के लिए युवाओं को गुमराह कर अराजकता की ओर धकेल रहा है।
विजय गोयल ने कहा कि विजय अभियान संकल्प रैली ने केजरीवाल सरकार की दिल्ली से राजनीतिक विदाई तय कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली के कामों में तेजी आएगी। सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि AAP सरकार ने चुनावी वादे पूरे नहीं किए। जनता के सामने झूठ परोसा गया। प्रवेश वर्मा ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने पांच वर्षों तक युवा, महिला, किसान, मजदूर और आम आदमी को छलने का काम किया है। यह सरकार टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करती है।