Delhi Election 2020: अमित शाह संग प्रचार में नजर आएंगे नीतीश कुमार, AAP ने जताया एतराज
Delhi Election 2020 नीतीश कुमार की दिल्ली में भाजपा के साथ होने वाली रैलियों पर दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी खफा है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Election 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए चुनाव प्रचार में एक सप्ताह का समय बचा है, अगले शुक्रवार की शाम पांच बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो जाएगा। इस बीच अगले कुछ दिनों में दिल्ली में रैलियों का रेला होगा तो रोड भी तेजी से निकाले जाएंगे। इस बीच जानकारी मिली है कि नीतीश कुमार की दिल्ली में भाजपा के साथ होने वाली रैलियों पर दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी खफा है। AAP नेता संजय सिंह ने कहा कि बिहार के लोगों को यह बात अखरेगी क्योंकि जब बिहार का चुनाव हो रहा था और भाजपा द्वारा बिहार के लोगों का डीएनए मांगा जा रहा था, तब अरविंद केजरीवाल बिहार के लोगों के साथ खड़े थे।
उन्होंने कहा कि आज नीतीश कुमार केजरीवाल के खिलाफ दिल्ली में चुनाव प्रचार करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रह रहे बिहार के लोग इसका जवाब नीतीश कुमार को दिल्ली और बिहार में भी देंगे। दिल्ली में जनता दल यूनाइटेड भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। पार्टी के दो उम्मीदवार संगम विहार और बुराड़ी से चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों सीटों पर पूर्वांचल के मतदाता अधिक हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिल्ली आने को लेकर संजय सिंह ने कहा कि योगी जी पहले उत्तर प्रदेश को ही संभाल लें। उन्होंने सवाल किया कि क्या उत्तर प्रदेश की बदहाली का जवाब उनके पास होगा? उत्तर प्रदेश में बिजली इतनी महंगी क्यों कर दी है, क्या इसका जवाब दे पाएंगे?
AAP विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक शाखा द्वारा मुकदमा किए जाने के बारे में पूछे जाने पर संजय सिंह ने कहा कि यह खबर नहीं है। चुनाव के समय में कम से कम आप के 35 से 40 विधायकों के खिलाफ मुकदमा हो तब खबर बनती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की पूरी फौज आप विधायकों के खिलाफ सिर्फ झूठे मुकदमे ही करती रही है।