AAP की लोकलुभावनी योजनाओं को मात देने की तैयारी में कांग्रेस, खेला बड़ा चुनावी दांंव
सुभाष चोपड़ा ने कहा कि अगर दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनी तो 600 यूनिट तक बिजली की दर में रियायत दी जाएगी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि अगर दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनी तो 600 यूनिट तक बिजली की दर में रियायत दी जाएगी और बुजुर्गो को पांच हजार रुपये तक पेंशन दी जाएगी। वह शनिवार को सुल्तानपुरी के एफ ब्लॉक में पार्टी की ओर से आयोजित जनाक्रोश रैली में बोल रहे थे।
उन्होंने दिल्ली की आप सरकार व केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा और दोनों ही सरकारों को सभी मोर्चे पर असफल बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के साथ धोखा किया है।
केजरीवाल ने पूरा नहीं किया वादा
सुभाष चोपड़ा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने लोगों से जो वादा किया था, उसे पूरा करने में नाकाम रहे हैं। यही कारण है कि दिल्ली की जनता को न तो स्वच्छ पानी मिल रहा है और न ही स्वच्छ हवा। मुख्यमंत्री ने जनता के हितों के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि सुल्तानपुरी जैसी पुनर्वासित कॉलोनियों के हितों के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने काफी काम किए।
विकास में कांग्रेस का योगदान
सुभाष चोपड़ा ने कहा कि ऐसी कॉलोनियों के विकास में कांग्रेस सरकार का बड़ा योगदान रहा है और आगे भी इन कालोनियों में रहने वाले लोगों कें हितों की लड़ाई कांग्रेस लड़ती रहेगी। उन्होंने लोगों से चुनाव में कांग्रेस को समर्थन करने की अपील की।
राजधानी में विकास कार्य रुके
रैली में सुल्तानपुरी के पूर्व विधायक जय किशन ने भी दिल्ली सरकार पर प्रहार किया और कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने लोगों से जो वादा किया, उन्हें पूरा नहीं किया। यही कारण है कि राजधानी में विकास कार्य रुक गए हैं, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में कई विकास कार्य हुए थे। इस कारण जनता भी खुश थी। लोगों के सामने पानी बिजली आदि की कोई समस्या नहीं थी। कार्यक्रम में बवाना के पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार सहित कई स्थानीय नेताओं ने भी विचार रखे।
ये भी पढ़ेंः क्या निर्भया मामले में आरोपित राम सिंह की जेल में हुई थी हत्या? तिहाड़ के पूर्व अधिकारी ने उठाए सवाल
ये भी पढ़ेंः हैदराबाद के बाद दिल्ली में भी आया दिल दहला देने वाला मामला, दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या
दिल्ली-एनसीआर की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक