Delhi Assembly Election Result 2020: AAP और BJP के इन उम्मीदवारों ने लगाई जीत की हैट्रिक
Delhi Assembly Election Result 2020 विश्वास नगर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश शर्मा चुनाव जीत गए हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली में हुए सातवें विधानसभा चुनाव में भारी भरकम जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जीत की हैटिक लगाई है। मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित 17 विधायक ऐसे हैं, जिन्होंने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। इन विधायकों में कई मंत्री भी शामिल हैं।
नई दिल्ली सीट से लगातार तीसरी बार दर्ज करने के साथ केजरीवाल लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी पटपड़गंज से तीसरी बार लगातार दर्ज की है। इनके अलावा 15 ऐसे विधायक हैं, जिन्होंने जीत का क्रम लगातार जारी रखते हुए हैटिक लगाई है। इनमें से कई ऐसे हैं, जो 2015 में मंत्री थे और कई ऐसे हैं, जो 2013 में बनी सरकार में मंत्री रहे थे।
2013 में दिल्ली के हुए पांचवें विधानसभा चुनाव में 28 सीटों पर जीत दर्ज करके आम आदमी पार्टी ने अपनी उपस्थिति दिल्ली के साथ राजनीति में दर्ज कराई थी। कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनी, लेकिन सरकार उतने दिन भी नहीं चल सकी, जितने दिन सरकार गिरने के बाद राष्ट्रपति शासन लगा रहा। 2015 में फिर से चुनाव हुए और आप ने भाजपा और कांग्रेस को धूल चटाते हुए 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं 2015 की तरह ही विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का इस बार भी खाता नहीं खुल सका।
2020 में हुए सातवें विधानसभा चुनावों में भी आम आदमी पार्टी ने भारी भरकम बहुमत से जीत दर्ज की है। इन तीनों विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करके अपने जनाधार को मजबूत करने वाले आम आदमी पार्टी के कुल 17 विधायक हैं।
भाजपा के ओपी शर्मा ने लगाई जीत की हैट्रिक
विश्वास नगर विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश शर्मा चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने करीब 16 हजार वोट ने जीत दर्ज की। विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्र से ओम प्रकाश ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है।
ओपी शर्मा इससे पहले 2013 और 2015 के विधासभा चुनाव में भी जीत दर्ज कर चुके हैं। वे पिछली साल केजरीवाल लहर में भी अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे थे। साल 2013 में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार नसीब सिंह को हराया था। कांग्रेस प्रत्याशी को 37002 और भाजपा को 44801 वोट मिले थे। ओपी शर्मा ने 2015 में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अतुल गुप्ता को हराया था।