Deoli Assembly Election Result 2020: 31,000 वोटों से भी जीते AAP प्रत्याशी प्रकाश जारवाल
Deoli Assembly Election Result 2020 देवली विधानसभा सीट पर तीनों ही प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Deoli Assembly Election Result 2020: देवली विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी उम्मीदवार प्रकाश जारवाल ने हैट्रिक लगाते हुए एक बार फिर बड़ी जीत हासिल की है। इस सीट पर प्रकाश जारवाल को 63 हजार 847 वोट मिले,जबकि भाजपा के अरविंद कुमार को 32 हजार 146 वोट मिले। इस सीट पर प्रकाश जारवाल 31 हजार 701 वोट से जीते हैं। उन्होंने दिल्ली विधानसभा 2013 और दिल्ली विधानसभा 2015 में भी देवली विधानसभा सीट से जीत हासिल की थी।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह मतगणना शुरू होने के साथ ही देवली विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी प्रत्याशी प्रकाश जारवाल ने प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya janta Party) के प्रत्याशी अरविंद कुमार से बढ़त बना ली थी। इसके बाद यह बढ़त जीत पर जाकर खत्म हुई।
- सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। शुरुआत में देवली विधानसभा सीट पर तीनों ही प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर दिखाई दे रही थी। लेकिन जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, AAP प्रत्य़ाशी प्रकाश जारवाल ने अपराजेय बढ़त बना ली और आखिरकार जीत हासिल कर ली।
- दिल्ली विधानसभा चुनाव 2015 में आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल की लहर में 70 में से 67 सीटें हासिल कर इतिहास रचा था।
- 2015 में देवली विधानसभा से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर दूसरी बार विधायक बने प्रकाश जारवाल के परिवार में पहले से कोई राजनीति में नहीं था। वह एक मल्टीनेशनल कंपनी में प्रबंधक थे। ऐसे राजनीति में आकर लगातार तीन बार जीत हासिल करने एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
- वर्ष- 2013 में वह देवली विधानसभा से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़कर पहली बार विधायक बने थे। उनकी पत्नी ज्योति कोहली जारवाल तिगड़ी वार्ड से निगम पार्षद हैं।
- पिछले पांच साल के दौरान प्रकाश जारवाल पर कई गंभीर आरोप लगे हैं। उन पर कई बार मामला भी दर्ज हुआ है।