Delhi Assembly Election: 110 साल की कालीतारा हैं सबसे बुजुर्ग वोटर, जानिए और कितने हैं 100 पार
Delhi Assembly Election 2020 विधानसभा चुनाव में इस बार सबसे बुजुर्ग मतदाता कालीतारा मंडल हैं। उनकी उम्र 110 साल है। वहीं इस बार 700 से ज्यादा वोटर 100 से ज्यादा उम्र के हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Assembly Election 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार सबसे बुजुर्ग मतदाता कालीतारा मंडल हैं। उनकी उम्र 110 साल है और वह ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र की रहने वाली हैं। इसके बाद आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के तिलकराज और बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र की सितारा जैन सबसे बुजुर्ग मतदाता हैं। उनकी उम्र करीब 108 साल है। सौ से अधिक उम्र वाले मतदाताओं में से करीब 50 फीसद महिला हैं।
100 से ज्यादा उम्र के मतदाताओं की हुई पहचान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा सर्वे कराकर 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं की पहचान की गई है। पिछले साल लोकसभा चुनाव में सबसे बुजुर्ग मतदाता तिलक नगर के बच्चन सिंह थे। उनकी उम्र उस समय 111 साल थी। हाल ही में उनका निधन हुआ है। इसके बाद दिल्ली में सबसे बुजुर्ग मतदाताओं की पहचान शुरू हुई।
दिल्ली में 100 से ज्यादा उम्र के 743 मतदाता
100 साल या इससे अधिक उम्र के 743 मतदाताओं की पहचान कर उनकी सूची तैयार की गई है। इनमें कालीतारा मंडल सबसे अधिक उम्र की हैं। तीन बुजुर्ग मतदाता 107 साल के हैं। इसमें एक सुल्तानपुर माजरा विधानसभा क्षेत्र की गीता देवी, सीमापुरी विधानसभा क्षेत्र से मीना देवी व संगम विहार से किताबुन्निसा शामिल हैं।
यहां जानिए विधानसभा के बारे में
दिल्ली के इस ग्रेटर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज हैं। इन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राकेश कुमार गुल्लैया को पराजित किया था। इस बार हार का अंतर 14,583 रहा था। इस विधानसभा क्षेत्र 87335 पुरुष मतदाता हैं वहीं 74727 मतदाता महिलाएं हैं।
इस बार दिल्ली में विधानसभा चुनाव आठ फरवरी को होगा वहीं इसका रिजल्ट 11 फरवरी को आएगा। इस बार दिल्ली के सत्ता की लड़ाई आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच है। मुख्य चेहरों की बात करें तो इस लड़ाई में अरविंद केजरीवाल और मोदी के चेहरे पर लड़ी जा रही है।