दिल्ली में चुनाव प्रचार थमा, कल पड़ेंगे वोट; 672 उम्मीदवारों के भाग्य का होगा फैसला
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने अधिक से अधिक मतदान के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए दिल्ली के दबंग का नारा दिया है।
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। Delhi assembly election 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रचार का शोर गुरुवार शाम छह बजे थम गया। आठ फरवरी को 70 विधानसभा सीटों के लिए 2688 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। 11 फरवरी को मतगणना होगी।
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तीनों प्रमुख दलों आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस व भाजपा के स्टार प्रचारकों व उम्मीदवारों ने पूरी ताकत झोंक दी। ताबड़तोड़ रैलियां व रोड शो किए गए। भाजपा की तरफ से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रचार का नेतृत्व किया। वहीं कांग्रेस की कमान राज बब्बर व शत्रुघ्न सिन्हा ने संभाली। वहीं, आम आदमी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को छोड़कर सभी स्टार प्रचारक मैदान में उतरे और मतदाताओं से वोट की अपील की।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने अधिक से अधिक मतदान के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 'दिल्ली के दबंग' का नारा दिया है। साथ ही चुनाव आयोग ने निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और दिल्ली पुलिस के जवानों के अलावा 190 अर्धसैनिक बल मतदान केंद्रों पर तैनात रहेंगे।
मजबूत सुरक्षा के बीच इस चुनाव में एक करोड़ 47 लाख 86 हजार 382 मतदाता ईवीएम का बंटन दबाकर चुनावी दंगल में उतरे 672 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसमें 81 लाख पांच हजार 236 पुरुष मतदाता व 66 हजार 80 हजार 277 महिला मतदाता शामिल हैं। 11 फरवरी को वोटो की गिनती होगी।
इस चुनाव में आप ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारें हैं। वहीं कांग्रेस 66 व भाजपा 67 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा ने तीन सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी हैं। इसमें से दो सीटों पर जेडीयू व एक सीट पर लोक जनशक्ति पार्टी का उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। वहीं कांग्रेस गठबंधन की तरफ से चार सीटों पर आरजेडी के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) भी इस बार 68 सीटों पर ताल ठोक रही है। इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पांच व अन्य राष्ट्रीय व पंजीकृत राजनीतिक दलों ने 249 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। वहीं 148 निर्दलीय उम्मीवार भी किस्मत आजमा रहे हैं।
हर दिन 400 से 500 हुईं रैलियां
नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 जनवरी से छह जनवरी के बीच प्रतिदिन 400 से 500 चुनावी रैलियां, जनसभाएं, नुक्कड़ नाटक व रोड शो हुए। इस तरह प्रचार के दौरान 5500 से छह हजार चुनावी कार्यक्रम हुए।