प्याज की माला पहनकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
दिल्ली में प्याज के बढ़ते दाम के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्याज की माला पहनकर केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
नई दिल्ली, एएनआइ। दिल्ली-एनसीआर में प्याज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। मौजूदा समय में यहां पर 80 से 100 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज बिक रही है। बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्याज के बढ़ते दाम के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्याज की माला पहनकर दिल्ली सचिवालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्याज के दाम लगातार बढ़ रहे हैं लेकिन दिल्ली सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। जबकि आसमान छूते दाम से लोग परेशान हैं।
भाजपा ने भी दिल्ली सरकार को प्याज के मुद्दे पर घेरा
दिल्ली में प्याज के बढ़ते दाम पर दिल्ली सरकार विपक्ष के निशाने पर है। इससे पहले बुधवार को भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री केजरीवाल को पत्र लिखकर दस सवाल पुछे हैं। भाजपा नेता ने प्याज का स्टॉक रखने और दिल्ली की जनता को सस्ते दर पर प्याज देने के लिए उठाए गए सरकार के कदमों की जानकारी मांगी है। विजेंद्र गुप्ता का आरोप है कि केंद्र ने दिल्ली सरकार को प्याज का बफर स्टॉक बनाने का आग्रह किया था लेकिन इसके बावजूद कोई कदम नहीं उठाया गया।
नैफेड से प्रतिदिन दस ट्रक प्याज खरीदने का निर्देश
वहीं दिल्ली के खाद्य मंत्री इमरान हुसैन ने बुधवार को इस मसले पर अधिकारियों के साथ बैठक की और प्याज की कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को नैफेड से प्रतिदिन दस ट्रक प्याज खरीदकर जनता को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली और एनसीआर में प्याज और टमाटर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी प्याज की कीमतें आसमान छू रही हैं। बताया जा रहा है कि कई इलाकों में तो प्याज के दाम 100 रुपये प्रतिकिलो से ऊपर पहुंच गए हैं।
ये भी पढ़ेंः Onions Price Hike: प्याज की कालाबाजारी पर मंत्री का कड़ा रुख, भाजपा ने सीएम से पूछे 10 सवाल
Odd-Even के बीच दिल्ली के लोगों को मिली 100 नई बसें, सीएम केजरीवाल दिखाई हरी झंडी