Delhi Assembly Election 2020: AAP के रिपोर्ट कार्ड के जवाब में भाजपा ने पेश की चार्जशीट
Delhi Assembly Election 2020 AAP सरकार की रिपोर्ट कार्ड के जवाब में भाजपा ने शनिवार को चार्जशीट पेश की। इसके जरिये AAP सरकार के दावों की पोल खोली जाएगी।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Assembly Election 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 की तैयारी के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने भी आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस कड़ी में AAP सरकार की रिपोर्ट कार्ड के जवाब में भाजपा ने शनिवार को चार्जशीट पेश की। पार्टी नेताओं का कहना है कि चार्जशीट में AAP सरकार के दावों की पोल खोली जाएगी। इस चार्जशीट में आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को बताया जाएगा कि किस तरह से सरकार ने उन्हें धोखा दिया है?
प्रदेश मीडिया सह प्रभारी नीलकांत बख्शी के अनुसार चुनाव प्रबंधन समिति गठित होने के बाद शनिवार से चुनाव अभियान का आगाज किया गया है। चार्जशीट में आम आदमी पार्टी सरकार के पांच वर्ष की असफलताओं को उजागर किया जाएगा।
शनिवार को सेंट्रल पार्क में होने वाले इस कार्यक्रम में मनोज तिवारी के साथ ही डॉ. हर्षवर्धन व अन्य नेता शामिल हुए। इसके बाद 30 दिसंबर को व्यापारियों का सम्मेलन तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित करने की तैयारी है। इसके साथ ही नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोधी पार्टियों के दुष्प्रचार से लोगों को सचेत करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
‘मैं हूं दिल्ली अभियान’ की शुरुआत
वहीं, दिल्ली के युवाओं के बीच पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने ‘मैं हूं दिल्ली अभियान’ की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत युवा संवाद, नुक्कड़ सभा, साइकिल रैली सहित कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का पहला कार्यक्रम शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुआ जिसमें पूर्वी दिल्ली के सांसद गौतम गंभीर भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार ने युवाओं के लिए कोई काम नहीं किया है। चुनाव नजदीक देखकर अब झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेलो इंडिया, स्वस्थ रहने के लिए फिट इंडिया अभियान चलाया है। मोदी ने 1731 अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करके 40 लाख से अधिक लोगों को उनके घर का मालिकाना हक दिया है। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 समाप्त किया है। राम मंदिर पर ऐतिहासिक निर्णय आया है। इन बातों को घर-घर पहुंचाना होगा।
दिल्ली प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने युवा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर काम करने का आह्वान किया। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव ने इस अभियान की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा के एक सौ प्रभावशाली युवाओं से मुलाकात करके उन्हें भाजपा की नीतियों की जानकारी देंगे। युवा कार्यकर्ता नुक्कड़ सभा के माध्यम से केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं व आप सरकार की विफलताओं के बारे में लोगों को बताएंगे। साइकिल रैली, कैंटीन मार्च सहित कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष राम खिलाड़ी यादव, कुनाल साहनी, अनमोल राणा, प्रवीण सहरावत, कार्यालय मंत्री अजय खन्ना, मोर्चा मंत्री अभिमन्यु त्यागी, जिलाध्यक्ष शशि यादव, राहुल सचदेवा, सुंदर चौधरी, दीपक बंसल सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं सैकड़ों की संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।