Delhi Election 2020: 'केजरीवाल ने किया बिहार के लोगों का अपमान' JDU मुखिया नीतीश ने किया हमला
Delhi Election 2020 नीतीश ने कहा कि केजरीवाल शिक्षा का ढिंढोरा पीटते हैं हमने बिहार में 22 हजार स्कूल खोले हैं। यही नहीं हर पंचायत में माध्यमिक स्कूल खोल रहे हैं।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। Delhi Election 2020: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केजरीवाल ने बिहार के लोगों का अपमान करने का काम किया है। उन्होंने कहा था कि 500 का टिकट लेकर बिहार के लोग दिल्ली आते हैं और 5 लाख का इलाज करा कर चले जाते हैं। बिहार में आयुष्मान योजना लागू है, जिसे दिल्ली सरकार ने लागू नहीं किया है। कहा कि हमने यहां की सरकार से बिहार से बस चलाने की अनुमति मांगी, लेकिन अनुमति नहीं मिली। यह बातें उन्होंने बुराड़ी में अमित शाह, जबकि संगम विहार में जेपी नड्डा के साथ जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
बिहार में खोला 22 हजार स्कूल
नीतीश ने कहा कि केजरीवाल शिक्षा का ढिंढोरा पीटते हैं, हमने बिहार में 22 हजार स्कूल खोले हैं। यही नहीं हर पंचायत में माध्यमिक स्कूल खोल रहे हैं। हाई स्कूल में लड़के-लड़कियों की संख्या बराबर हो गई है। कुछ लोग केवल जुबान चलाते हैं और काम नहीं करते हैं, लेकिन हम करके दिखाते हैं।
इस बीच नीतीश ने केंद्र सरकार के बजट का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों के उत्थान के लिए है। इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव से मध्यम वर्गीय परिवारों को सहूलियत मिलेगी। खाली जमीनों पर सोलर प्लांट लगवाने से आमदनी होगी। पूर्वांचल के लोग देश के कोने-कोने में बसते हैं और विकास में अपना योगदान देते हैं, लेकिन दिल्ली में ही पूर्वांचल के लोगों का बुरा हाल है। न पीने को साफ पानी है, न साफ-सफाई। सड़कें टूटी हैं। लोगों को नाले के ऊपर से गुजरना पड़ता है।
नीतीश कुमार ने कहा कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित केंद्र सरकार ने किया। जब गरीब राज्य बिहार में इतना काम हो सकता है तो दिल्ली में क्यों नहीं हो सकता है। पहले लोग कहते थे कि बिहार में जंगल राज है, लोगों के मन में भय था, लेकिन एनडीए की सरकार में बिहार को सुशासित राज्य के रूप में जाना जाता है। बिहार में न्याय के साथ विकास हुआ है। हर गांव को पक्की सड़क से जोड़ा गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य की समुचित व्यवस्था है।
बिहार को बदला अब दिल्ली को बदलेंगे
नीतीश ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को बदला है और दिल्ली को बदलने के लिए तैयार हैं। केंद्र सरकार देश में तीन साल में प्रीपेड मीटर लगाने जा रही है, यह बड़ी बात होगी। दिल्ली सरकार ने क्या किया, यहां तो कुछ नहीं हुआ। 2005 में जब बिहार ने एनडीए को मौका दिया तो हमने सड़क बिजली, पानी के क्षेत्र में काम किया। 2018 में हर घर मे बिजली पहुंचा दी थी। बिजली के जर्जर तारों को बदला है, लेकिन दिल्ली में जर्जर तारों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसमें बिहार के लोगों की जान भी गई है। मोदी सरकार देश के लिए काम कर रही है। नीतीश कुमार ने दिल्ली की जनता से कहा कि 15 साल आपने कांग्रेस को दिए और पांच 5 साल केजरीवाल को मौका दे दिया, लेकिन अब 5 साल एनडीए को दे दीजिए।