Delhi Election 2020: नीतीश का केजरीवाल पर तंज, 'कुछ लोग सिर्फ जुबान चलाते हैं काम नहीं करते'
Delhi Election 2020 बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुराड़ी में जेडीयू-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया।
नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुराड़ी में जेडीयू-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पांच साल तक कुछ भी काम नहीं किया। न तो यहां की सड़कें ठीक हैं और न ही पानी।
जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित कर पीएम मोदी ने लोगों को बड़ी राहत दी। नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट आम लोगों के हित में है। देश में तीन साल में प्री पेड़ मीटर लग जाएगा यह बड़ी बात है। दिल्ली की सरकार ने क्या किया, यहां तो कुछ नहीं हुआ।
बिजली के जर्जर तारों की वजह से हुआ था बड़ा हादसा
नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 में जब बिहार में एनडीए को मौका दिया तो हमने सड़क बिजली के क्षेत्र में काम किया। दिल्ली में न तो पानी ठीक है न बिजली। बिहार में 2018 में हर घर मे बिजली पहुंचा दिया। एनडीए सरकार ने जर्जर बिजली तारों को बदल दिया लेकिन दिल्ली में जर्जर तारों के कारण जो हाल में घटना हुई उसमें बिहार के लोगों की जाने गई।
बस सेवा को केजरीवाल नहीं दिया मंजूरी
रैली को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि हमारे बिहार के बहुत लोग यहां हैं हमने बस की सेवा शुरू की। हमने यहां की सरकार से अनुमति मांगी। अनुमति नहीं मिली। पटना से जो बस चलती है वो गाजियाबाद तक आती है, वहां से अन्य प्रकार से यहां तक आना पड़ता है। आप सरकार की आलोचना करते हुए नीतीश ने कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि बिहार के लोग 5 सौ लेकर आते हैं और 5 लाख का इलाज करा कर चले जाते हैं। लेकिन उन्होंने केंद्र की आयुष्मान योजना लागू नहीं किया। एनडीए सरकार दिल्ली में बनी तो दिल्ली आदर्श बनेगा। आप सरकार ने दिल्ली की जनता के लिए कोई काम नहीं किया। कुछ लोग केवल जुबान चलाते हैं। काम नहीं करते हैं।
इससे पहले संगम विहार में जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने केजरीवाल की कड़ी आलोचना की। दिल्ली के सीएम केजरीवाल का बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ पब्लिसिटी में रुचि लेते हैं और केंद्र के कार्यों पर सवाल उठाते हैं।
अमित शाह ने भी केजरीवाल पर साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर यमुना को गंदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने जन लोकपाल बिल लाने का वादा किया था, लेकिन अन्ना हजारे राह देखते-देखते थक गए कि कब मेरी कल्पना का लोकपाल बिल आएगा। इन्होंने कमजोर जन लोकपाल बनाया। केजरीवाल ने कहा था कि 8 लाख युवाओं को नौकरी देंगे, युवा आज भी नौकरी ढूंढ रहा है।
जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि दिल्ली की 1,731 अनधिकृत कॉलोनियों को नरेन्द्र मोदी जी ने एक झटके में अधिकृत करने का काम किया। इस काम में भी आम आदमी पार्टी अड़ंगा लगा रही थी। अब सरकार जहां झुग्गी-वहां मकान की योजना पर काम कर रही है, जहां झुग्गी होगी वहां 2 कमरे का मकान मिलेगा।