Delhi Assembly Election 2020: बिहार के सीएम नीतीश व LJP नेता रामविलास पासवान भी करेंगे चुनाव प्रचार
Delhi Assembly Election 2020 भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी कांग्रेस समेत दिल्ली में लड़ रही अन्य पार्टियों ने चुनाव प्रचार की रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। Delhi Assembly Election 2020 : दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 में नामांकन प्रक्रिया खत्म होने के अब भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस समेत दिल्ली में लड़ रही अन्य पार्टियों ने चुनाव प्रचार की रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
दिल्ली में भाजपा पहली बार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के साथ गठबंधन करके विधानसभा चुनाव लड़ रही है। भाजपा 67 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि जदयू दो व लोजपा को एक सीट मिली है। भाजपा के बड़े नेताओं के साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान व लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान सहित अन्य नेता गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव में प्रचार करेंगे।
दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में तीनों पार्टियों की संयुक्त प्रेस वार्ता हुई। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि तीनों पार्टियों के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही लोगों को आप सरकार की विफलताओं के बारे में भी बताएंगे।
जदयू के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार सरकार में मंत्री संजय झा ने कहा कि गठबंधन से पूर्वांचल के लोगों में उत्साह है। नीतीश कुमार सहित पार्टी के अन्य बड़े नेता दिल्ली में प्रचार करेंगे।