Firing in Shaheen Bagh: 'अमित शाह जी, ये क्या हाल बना रखा है दिल्ली का' केजरीवाल ने किया ट्वीट
अरविंद केजरीवाल ने ट्ववीट किया है- अमित शाह जी ये आपने क्या हाल बना रखा है हमारी दिल्ली का। दिनदहाड़े गोलियां चल रहीं है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। सीएए और एनआरसी के विरोध में शाहीन बाग में डेढ़ माह से चल रहे धरने के विरोध में शनिवार को एक युवक ने धरना स्थल के समीप गोली चला दी। हालांकि कोई प्रदर्शनकारी घायल नहीं हुआ। अब इस पर राजनीति तेज हो गई है। अरविंद केजरीवाल ने ट्ववीट किया है- 'अमित शाह जी, ये आपने क्या हाल बना रखा है हमारी दिल्ली का। दिनदहाड़े गोलियां चल रहीं है। कानून व्यवस्था की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। चुनाव आते जाते रहेंगे, राजनीति भी चलती रहेगी, लेकिन दिल्ली के लोगों की ख़ातिर, कृपया कानून व्यवस्था ठीक करने पर ध्यान दीजिए।'
शाहीन बाग में धरने के विरोध में चलाई गोली, युवक गिरफ्तार
पुलिस ने घटनास्थल से आरोपित कपिल गुर्जर (23) को गिरफ्तार कर लिया है। वह दिल्ली के दल्लूपुरा गांव का रहने वाला है और गाजीपुर में दूध की डेयरी चलाता है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। दक्षिणी-पूर्वी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि कपिल शनिवार शाम 4.55 बजे अपनी हुंडई सेंट्रो कार से धरना स्थल पर पहुंचा था। कार पुलिस बैरिकेड के पास खड़ी कर पैदल ही धरनास्थल तक पहुंचा। करीब 15 मीटर की दूरी पर करीब 10 मिनट खड़ा रहा।
इसके बाद धरने के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। वह शाहीन बाग खाली करो, दिल्ली बंधक नहीं बनेगी.. के नारे लगाता हुआ आगे बढ़ा। कुछ युवकों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने तमंचा निकाला और हवा में गोली चला दी। हालांकि इस दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद उसे सरिता विहार थाने लाकर पूछताछ की गई। उधर, गोली की आवाज सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोग धरने के विरोध में नारेबाजी करने लगे।
कपिल ने पुलिस को बताया कि वह इस इलाके में दूध सप्लाई करता है। शाहीन बाग धरने के कारण अब वह दूध की सप्लाई नहीं कर पा रहा है। धरने के कारण लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। इन्हीं सब बातों से वह परेशान था। उसने कहा कि यह धरना तुरंत समाप्त किया जाना चाहिए।