चुनाव खत्म: अगली सुबह में किसी ने व्यायाम तो किसी ने परिवार समेत मिटाई चुनावी थकान
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपने भतीजे के बेटे के साथ समय बिताते हुए कहा कि एक मासूम मुस्कान से बेहतर और क्या हो सकता है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। करीब महीने भर चुनाव प्रचार में दम झोंकने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने रविवार को चैन की सांस ली। कुछ प्रत्याशियों ने घर परिवार के साथ समय बिताया तो कुछ ने परिवार के साथ माथा टेकने के लिए मंदिर का रुख किया। साथ ही कुछ नेताओं ने व्यायाम से भी चुनावी थकान को मिटाया। वहीं, नेताओं के घर दिनभर कार्यकर्ताओं व अन्य लोगों का आना-जाना लगा रहा। यहां चाय की चुस्कियों के साथ राजनीतिक चर्चा जोरों पर होती रही।
केजरीवाल ने माता-पिता के साथ बिताया समय
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सुबह से ही चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ व्यस्त रहे। इसके साथ ही उन्होंने परिवार को भी समय दिया। काफी दिनों बाद केजरीवाल फुर्सत से अपने माता-पिता के साथ बातचीत करते दिखे।
वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने अपने विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से निगम वार्डों व कॉलोनियों में हुए मतदान को लेकर बातचीत की। उन्होंने घर पर आए रिश्तेदारों व बच्चों के साथ मौजमस्ती भी की। सिसोदिया ने अपने भतीजे के बेटे के साथ समय बिताते हुए कहा कि एक मासूम मुस्कान से बेहतर और क्या हो सकता है।
व्यायाम और क्रिकेट में व्यस्त रहे मनोज तिवारी
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने अपने दिन की शुरुआत व्यायाम से की। सुबह क्रिकेट खेलने के बाद दिनभर वह कार्यकर्ताओं के बीच चुनावी रणनीति को लेकर व्यस्त दिखे। इस बीच एक्जिट पोल के नतीजों को लेकर भी चर्चा की गई।
करोलबाग भाजपा प्रत्याशी ने कलकी माता मंदिर में लिया आशीर्वाद
इसके साथ ही करोलबाग से भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र चंदोलिया ने पोता-पोती के साथ कुछ समय बिताया। इसके बाद कार्यालय पहुंच कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की। मीटिंग के बाद उन्होंने पहाड़गंज स्थित कलकी माता मंदिर पहुंच आशीर्वाद लिया। शाम को पहाड़गंज स्थित एक कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
नई दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार सुनील यादव ने अपनी दिनचर्या जिम से शुरू की। इसके बाद उन्होंने अपना अधिकतर समय परिवार के साथ बिताया। उन्होंने बच्चों के साथ शतरंज का भी आनंद लिया। वहीं, राजेंद्र नगर से भाजपा प्रत्याशी सरदार आरपी सिंह ने मंडी हाउस स्थित चाय की दुकान पर बैठकर चाय की चुस्कियों के साथ चुनावी चर्चा की। यहीं उन्होंने अपने पालतू कुत्ते को फुर्सत के क्षणों में बिस्कुट खिलाए।