Delhi Ballimaran Result Declared : बल्लीमारन में आप उम्मीदवार इमरान हुसैन 36172 मतों से जीते
Ballimaran Election बल्लीमारन विधानसभा सीट के लिए भाजपा की उम्मीदवार लता सोढ़ी आप के इमरान हुसैन और कांग्रेस के हारून यूसुफ थे। इमरान चुनाव जीत गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बल्लीमारन में आप 36172 वोट से जीत गई है। इस विधानसभा सीट के लिए भाजपा की उम्मीदवार लता सोढ़ी, आप के इमरान हुसैन और कांग्रेस के हारून यूसुफ थे। इमरान को कुल 65644 वोट मिले हैं। वहीं भाजपा की लता को 29472 वोट मिले हैं। कांग्रेस को मात्र 4802 मत हासिल हुए हैं।
दिल्ली में केजरीवाल सरकार
दिल्ली की पूरी 70 सीटों की बात करें तो आम आदमी पार्टी को बहुमत मिलता दिख रहा है। आप 60 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है। चुनाव आयोग के आंकडों में भी आप दिल्ली की ज्यादातर सीटों पर आगे चल रही है। आप को 50 फीसदी से ज्यादा मत मिलते दिखाई दे रहे हैं। जबकि भाजपा 40 प्रतिशत मत पा रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों में भी आप को स्पष्ट बहुमत मिलता दिखा है। पर भाजपा की सीटें बढ़ी हैं।
2013 से पहले कांग्रेस का गढ़
दिल्ली के सेंट्रल इलाके का हिस्सा यह विधानसभा क्षेत्र दिल्ली की 70 विधानसभा क्षेत्रों में से एक है। 1993 में इस इलाके को विधानसभा क्षेत्र बनाया गया। तब यहां से कांग्रेस के दिग्गज नेता हारून युसुफ ने जीत दर्ज की। 2013 तक यहां हुए सभी 5 चुनावों में कांग्रेस ने जीत हासिल की।
जूते चप्पलों और चश्मे के बाजार के लिए पूरे देश में मशहूर
इस क्षेत्र में दिल्ली के अमरपुरी, बस्ती हरफूल सिंह, बाजार बल्लीमारान, बाजार चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, ईदगाह रोड़, जोगीवारा, एमएम रोड़, प्रेम नगर, कुतुब रोड़ के इलाके आते हैं। इस क्षेत्र में दिल्ली नगर निगम के चार वार्ड आते हैं। यह क्षेत्र अपने लजीज जायके, जूते चप्पलों और चश्मे के बाजार के लिए पूरे देश में मशहूर है। इस क्षेत्र से उर्दू शायर मिर्जा गालिब की यादें भी जुड़ी हैं। वो इस क्षेत्र के बल्लीमारान से ताल्लुक रखते हैं। उनके नाम की गालिब हवेली आज भी यहां मौजूद है। इसके अलावा हिंदी फिल्मों के मशहूर अभिनेता प्राण भी इसी इलाके के रहने वाले थे।