अटल की भतीजी करुणा के लिए प्रचार करेगी मंगल पांडे सेना
डॉ. रमन सिंह के खिलाफ कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला को मैदान में उतारा है। करुणा के आते ही देशभर में यह सीट सुर्खियों में आ गई है।
नईदुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रथम चरण के चुनाव में राजनांदगांव की सीट सबसे हाई प्रोफाइल होने जा रही है। यहां मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के खिलाफ कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करुणा शुक्ला को मैदान में उतारा है। करुणा के मैदान में उतरते ही देशभर में यह सीट सुर्खियों में आ गई है।
टिकट की घोषणा होते ही करुणा ने राजनांदगांव में डेरा डाल दिया है। उनके प्रचार के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेता और कार्यकर्ताओं की फौज आ ही रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश के एक संगठन मंगल पांडे सेना ने उनके पक्ष में मैदान में उतरने का एलान किया है।
उसने देशभर से अपने कार्यकर्ताओं को राजनांदगांव पहुंचने का निर्देश दिया है। मंगल पांडे सेना के संयोजक अमरेश मिश्रा ने कहा कि करुणा मुख्यमंत्री के खिलाफ लड़ रही हैं। हम उनके समर्थन में राजनांदगांव में घर-घर जाकर प्रचार करेंगे।
मंगल पांडे सेना का करुणा कनेक्शन
मंगल पांडे सेना के संयोजक अमेरश मिश्रा रिश्ते में करुणा शुक्ला के भतीजे हैं। अमरेश ने बुलेट राजा फिल्म का लेखन किया था। अमरेश मूलरूप से कांग्रेसी हैं। 2013 में जब करुणा की भाजपा से खटपट हुई तो अमरेश उन्हें कांग्रेस की तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी के सचिव माधवन से मिलाने ले गए थे। इसके बाद करुणा कांग्रेस में आ गई थीं।