छत्तीसगढ़ में 15 से पहले चुनाव की घोषणा कर सकता है निर्वाचन आयोग
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने गुस्र्वार को विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया। संभावना है कि अब चुनाव की अधिसूचना 15 अक्टूबर से पहले जारी होगी।
जेएनएन, राज्य ब्यूरो। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा निर्वाचन आयोग 15 अक्टूबर से पहले कर सकता है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया। विधानसभा चुनाव में पांच लाख मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 4 लाख 96 हजार 954 मतदाताओं के नाम इस बार सूची में जोड़े गए हैं। आयोग ने चुनाव में अवैध तरीके से पैसा बांटने और शराब बांटने पर सख्ती का एलान किया है। शराबखोरी को रोकने के लिए आबकारी विभाग और प्रशासन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयकर विभाग को देनी होगी 10 लाख से अधिक के ट्रांजेक्शन की सूचना
साहू ने बताया कि राज्य में चुनाव के दौरान 10 लाख से अधिक के ट्रांजेक्शन की सूचना आयकर विभाग को देनी होगी। निर्वाचन आयोग किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए सभी कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग करेगा।
कितना खर्च किया, इसका हर रोज रखना होगा रिकॉर्ड
चुनाव के दौरान प्रत्याशी को दैनिक व्यय लेखा पुस्तिका में अपने रोज का खर्च दर्ज करना होगा। बैंकों से हुए ट्रांजेक्शन पर निगरानी रखी जाएगी। एक लाख से अधिक निकासी और जमा पर आयोग की नजर रहेगी। अभ्यार्थियों के परिजनों के खाते से भी 1 लाख से अधिक के ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड होंगे।
100 वर्ष से अधिक उम्र के 3140 मतदाता
राज्य में कुल एक करोड़ 85 लाख 45819 मतदाता हैं। इनमें से 1059 मतदाता थर्ड जेंडर हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य में 100 वर्ष या उससे अधिक के मतदाताओं की संख्या 3140 है। प्रदेश में तीन लाख 66 हजार 384 अन्य मतदाताओं के भी नाम जोड़े गए हैं।