CG Election 2018: आधा दर्जन प्रत्याशी स्वयं को नही दे पाए वोट
CG Election 2018 इसके पीछे की वजह यह है कि इन प्रत्याशियों को गृहग्राम कहीं और है।
भिलाई। चुनाव में एक-एक वोट मायने रखता है। प्रचार के अंतिम दौर तक इसके लिए ऐड़ी चोटी का जोर लगा दिया जाता है। परन्तु मंगलवार को विधानसभा चुनाव में आधा दजर्न ऐसे भी प्रत्याशी हैं जो खुद को अपना वोट नहीं दे पाए। उन्होंने अपना वोट दूसरे प्रत्याशी को दिया। इसके पीछे की वजह यह है कि इन प्रत्याशियों को गृहग्राम कहीं और है।
दुर्ग जिले में कुल छह विधानसभा दुर्ग शहर, दुर्ग ग्रामीण, भिलाई नगर, वैशाली नगर, अहिवारा एवं पाटन में कुल 68 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। इसमें प्रमुख दल भाजपा व कांग्रेस के कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें से ही दुर्ग जिले के पांच प्रत्याशी जागेश्वर साहू, देवेंद्र यादव, बीडी कुरैशी, गुरु रूद्र कुमार, मोतीलाल साहू एंव दुर्ग संभाग में ही आने वाले साजा से लाभचंद बाफना अपना वोट स्वयं को नहीं दे पाए।
- जागेश्वर साहू (भाजपा) दुर्ग ग्रामीण से चुनावी मैदान में थे। जबकि मतदाता सूची में उनका नाम पैतृक गांव चिखली में है। साहू ने आज वहीं मतदान किया।
- देवेंद्र यादव भिलाई नगर से चुनावी समर में रहे। जबकि उनका निवास वैशाली नगर विस के हाउसिंग बोर्ड में है। उन्होंने छावनी स्कूल में मतदान किया।
- बीडी कुरैशी 32 बंगला में निवासरत है। यह भिलाई नगर विस क्षेत्र में आता है। कुरैशी वैशाली नगर में प्रत्याशी रहे और मतदान गर्ल्स कॉलेज सेक्टर-9 में किया।
- अहिवारा से कांगे्रस प्रत्याशी गुरु रूद्रकुमार को प्रत्याशी बनाया था। वे रायपुर के निवासी हैं। इस वजह से वे भी अपने मताधिकार से वंचित रह गए।
- मोतीलाल साहू पाटन से भाजपा प्रत्याशी हैं। उनका नाम पाटन की सूची में नहीं है। उनका निवास रायपुर में है। वे भी खुद के लिए वोट नहीं दे पाए।
- साजा से भाजपा प्रत्याशी लाभचंद बाफना भी अपना वोट स्वयं को नहीं दे पाए। बाफना का नाम अहिवारा की मतदात सूची में है।