CG Chunav 2018 राम मंदिर निर्माण में कांग्रेस सबसे बड़ा रोड़ाः योगी
CG Chunav 2018 : उन्होंने कहा कि कांग्रेस की परिवारवाद व वंशवाद की विष बेल को हमेशा के लिए समाप्त करना है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार करने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में राम मंदिर बन गया है, अब अयोध्या में भी राम मंदिर बनेगा।
योगी आदित्यनाथ ने लोरमी, मुंगेली, साजा एवं कवर्धा में चुनावी सभाओं में कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर बनने में रोड़ा अटका रही है। कांग्रेस के इस विचार का भगवान के ननिहालवासी पुरजोर विरोध करें और अपने मतों से इसका मजा चखायें। हमने तो फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या कर दिया है। भगवान श्रीराम छत्तीसगढ़ के भांजे हैं। अब आपको तय करना है कि रामलला का मंदिर अयोध्या में बनाना है तो यहां भाजपा की सरकार बनाएं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की परिवारवाद व वंशवाद की विष बेल को हमेशा के लिए समाप्त करना है। लोकतंत्र में परिवारवाद, जातिवाद, क्षेत्रवाद व भाषावाद की कोई जगह नहीं है। एक सच्चा लोकतंत्रवाहक वही है, जो ईमानदारी के साथ सुशासन के लिए कार्य करे। उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह के जरिये प्रदेश में सुशासन व अमन-चैन बना हुआ है। कांगे्रस केवल नारेबाजी करती है। भाजपा ने केंद्र में 40 साल बनाम पांच साल में जो कार्य किए हैं, वह आपके सामने हैं।
योगी ने कहा कि आज शांत और समृद्ध छत्तीसगढ़ कभी नक्सल पीड़ित और बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था। एक रुपये प्रति किलो चावल और पांच रुपये में चना देने के जिस कार्य को डॉ. रमन ने अंजाम दिया, वह कांग्रेस भी कर सकती थी, लेकिन नहीं किया, क्योंकि कांग्रेस में सोच का अभाव है। धर्मांतरण और पलायन से पीड़ित छत्तीसगढ़ आज जागरूक और स्वरोजगार एवं रोजगार के साधनों की पहचान से युक्त है।