3 केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ में, उमा भारती, स्मृति ईरानी व रामकृपाल करेंगे सभा
उमा भारती की खैरागढ़, तो स्मृति इरानी की चित्रकोट में सभा होगी। वहीं रामकृपाल यादव की कांकेर, अंतागढ़ और भानुप्रतापपुर में सभा होगी।
रायपुर (राज्य ब्यूरो)। भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने सोमवार को तीन केंद्रीय मंत्री छत्तीसगढ़ में डेरा डालेंगे। पहले चरण के उम्मीदवारों के पक्ष में केंद्रीय मंत्री उमा भारती, स्मृति इरानी और रामकृपाल सिंह की सभाएं होंगी। उमा भारती की खैरागढ़, तो स्मृति इरानी की चित्रकोट में सभा होगी। वहीं रामकृपाल यादव की कांकेर, अंतागढ़ और भानुप्रतापपुर में सभा होगी।
उमा भारती नागपुर से हेलीकॉप्टर से दोपहर 12 बजे खैरागढ़ पहुंचेंगी और सभा को संबोधित करने बाद नागपुर पहुंचकर वहां से दिल्ली रवाना होंगी। स्मृति इरानी चित्रकोट में आमसभा करेंगी। वे त्रिवेंद्रम से विशेष विमान से जगदलपुर पहुंचेंगी, जहां से हेलीकॉप्टर से वे चित्रकोट पहुंचकर दोपहर 01.50 बजे आमसभा को संबोधित करेंगी। सभा के बाद वे दोपहर 3 बजे जगदलपुर पहुंचेंगी। शाम 4 बजे जगदलपुर से रायपुर आएंगी। शाम 7.15 बजे विमान द्वारा दिल्ली रवाना हो जाएंगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री रामकृपाल यादव कांकेर में 11 बजे से दोपहर 12.15 तक आमसभा में शामिल होंगे। इसके बाद अंतागढ़ में दोपहर 1.15 बजे से आमसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 2.30 बजे वे भानुप्रतापपुर के लिए रवाना होंगे तथा आमसभा में शामिल होंगे। सभा को संबोधित करने के बाद वे हेलीकॉप्टर से रायपुर आएंगे।