Bihar Election 2020: जल संसाधन मंत्री संजय झा का राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर हमला, बिहार का सिर झुकाने वाले जेल से कर रहे ट्विट
Bihar Election 2020 पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के ट्विट पर कहा जिनके कारण बिहार के 12 करोड़ लोगों का सिर शर्म से झुक गया वो ऐसा कर रहे हैं। क्या जेल मैनुअल इसकी इजाजत देता है कि जेल में बैठा व्यक्ति ट्विट कर सके?
दरभंगा, जेएनएन। Bihar Election 2020: सूबे के जल संसाधन मंत्री संजय झा ने सवालिया लहजे में पूछा कि क्यों नहीं चुनाव में घूम रहे लालू प्रसाद। सूबे के 12 करोड़ लोगों को उस समय शर्म आती है जब उन्हें यह लगता है कि उसका मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में जेल में बंद है। हिम्मत देखिए, जेल में बैठकर ट्विट करते हैं या पता नहीं करवाते हैं? उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के ट्विट पर कहा, जिनके कारण बिहार के 12 करोड़ लोगों का सिर शर्म से झुक गया, वो ऐसा कर रहे हैं? क्या जेल मैनुअल इसकी इजाजत देता है कि जेल में बैठा व्यक्ति ट्विट कर सके? पता नहीं कहां से ट्विट करते हैं या कराते हैं। यही सब करके तो उन्होंने बिहार का सिर झुका दिया। उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री ऐसा काम किया कि उनपर भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध हो गए। वो सजायाफ्ता हैं। फिर भी ट्विट कर रहे। मंत्री सोमवार को दरभंगा में आयोजित नामांकन जनसभा के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।
कहा, आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 12 करोड़ बिहारवासियों का सिर ऊंचा किया है। आज भी चुनाव में जा रहे हैं। लोगों से मिल रहे हैं। अपनी बात रख रहे हैं। वो लगातार बिहार को बुलंदी पर ले जाने में लगे हैं। उनपर कोई ऐसी बात नहीं है, जिससे बिहार को शर्मिंदा होना पड़े। लालू प्रसाद को लेकर लोगों को शर्म आती है कि उन्हें ऐसा मुख्यमंत्री मिला।