Bihar Chunav: तेजस्वी का सीएम नीतीश कुमार पर तंज, अब उनसे नहीं संभलने वाला बिहार, जनता बना चुकी परिवर्तन का मन
Bihar Chunav तेजस्वी ने नियोजित शिक्षकों को अपने पक्ष में करने के लिए समान काम और समान वेतन का भी आश्वासन दिया। साथ में राज्य में संविदा पर बहाल सभी पदों को स्थायी करने का भी भरोसा दिया।
मधुबनी, जेएनएन। Bihar Chunav: जाटी, मधुबनी : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि अब नीतीश कुमार से बिहार नहीं सम्भलने वाला। बिहार की जनता सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है। वे खजौली विधानसभा के राजद प्रत्याशी विधायक सीताराम यादव के समर्थन में जयनगर प्रखंड के बरही उच्च विद्यालय के मैदान में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। कहा कि राजद की सरकार बनते ही दस लाख युवाओं को रोजगार का भरोसा हम दे चुके हैं और सरकार बनते ही इसे कर दिखाएंगे। तेजस्वी ने शिक्षकों को समान काम समान वेतन का भी आश्वासन दिया। राज्य में संविदा पर बहाल सभी पदों को स्थायी करने का भी भरोसा दिया। मो. नौशाद की अध्यक्षता और जामुन चौधरी के संचालन में आयोजित सभा को प्रत्याशी सीताराम यादव, रामप्रसाद यादव, प्रदीप यादव, अमित कुमार, माकपा के शशिभूषण प्रसाद समेत कई नेताओं से सम्बोधित किया। तेजस्वी यादव ने गुरुवार को जिले में छह जगहों पर जनसभा को संबोधित किया।
पलायन मिथिलांचल की बड़ी समस्या
कलुआही हाई स्कूल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मिथिलांचल में पलायन सबसे बड़ी समस्या है। मिथिला की विकास के लिए एक भी कारखाना नहीं लगाया गया। बिहार की जनता यदि एक बार मौका देगी तो इन समस्याओं का निदान किया जाएगा। कहा कि पिछले पंद्रह साल में राज्य में भ्रष्टाचार एवं अपराध चरम पर है। प्रखंड एवं थाना स्तर पर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। मिथिला के मखाना एवं बिहार के केला और मक्का के लिए फ़ूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने का भरोसा दिया। सभा को बेनीपट्टी की कांग्रेस प्रत्याशी भावना झा एवं पूर्व प्रत्याशी रामाशीष यादव ने भी संबोधित किया।
पंद्रह सालों में बदतर हुई प्रदेश की स्थिति
इधर, बाबूबरही के जगदीश नंदन प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में कहा कि 15 सालों के जदयू व भाजपा के शासन में प्रदेश की स्थिति बदतर हुई है। प्रदेश के लोग पढ़ाई, कमाई व दवाई के लिए दूसरे प्रदेश जाते हैं। इनके शासन काल में 30 हजार करोड़ रुपए का बड़ा घोटाला हुआ है। कहा कि वृद्धा पेंशन को 400 से बढ़ाकर 1000 किया जाएगा। मधेपुर के जवाहर उच्च विद्यालय के प्रागंण में राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार आज बर्बाद होने के कगार पर है। इसे बचाने की जरूरत है। कहा कि डबल इंजन की सरकार अब अपने अंतिम समय में है। सभा को गुलाब यादव, ज्योति झा, शीतलांबर झा, देव नारायण यादव, मुमताज़ अंसारी, राम नारायण यादव, अशोक सिंह, राज कुमार यादव समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।