किसके-कितने बच्चे को लेकर बिहार में गरमाई राजनीति, नीतीश के बयान पर तेजस्वी भड़के, कही ये बात
Bihar Assembly Election 2020 चुनावी बोल धीरे-धीरे तीखे होते जा रहे हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमारे परिवार पर कमेंट कर पीएम मोदी को भी टारगेट कर रहे हैं।
पटना, एएनआइ। राजद नेता तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमारे परिवार पर कमेंट कर पीएम मोदी को भी टारगेट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके भी छह भाई-बहन हैं। इस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर वह महिलाओं का और मेरी मां (पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी) का मजाक बना रहे हैं। वह मुख्य मुद्दे पर बात नहीं कर रहे हैं। हमारे सामने मुद्रास्फीति, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी जैसे कई मुद्दे हैं जिस पर बात होनी चाहिए। इस पर बात करने से बच रहे हैं।
किस बयान पर मचा है बवाल
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने एक रैली में राजद के मुखिया पर पर्सनल अटैक किया था। सुशासन बाबू नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद यादव पर कहा कि बेटे के चक्कर में कई बेटियों को जन्म दे दिया। वे कैसे बेटियों का सम्मान करेंगे। यह बात बिहार जानना चाह रहा है। आखिर वह कैसा बिहार बनाना चाह रहे हैं। आठ-आठ और नौ-नौ बच्चे पैदा कर रहे हैं किसी को इस बात की चिंता ही नहीं है। क्या बेटियों पर भरोसा नहीं है।
तेजस्वी यादव ने जताया ऐतराज
इसी बयान पर राजद नेता और लालू के बेटे तेजस्वी यादव ने ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के भी छह भाई बहन हैं। क्या सीएम ने इस बयान से पीएम मोदी का मजाक नहीं बनाया है। उनके इस बयान से बिहार की हर महिला शर्मसार हुई है।
अनुराग ठाकुर ने भी तेजस्वी पर साधा निशाना
इधर भाजपा के नेता अनुराग ठाकुर ने भी तेजस्वी यादव पर जुबानी हमला तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि जो अपने मां-बाप का नहीं हुआ वह बिहार की जनता का क्या होगा। टुकड़े टुकड़े गैंग को गले क्यों लगाया जब वह अपने पूर्व मुख्यमंत्री रहे मां बाप को भूल गए तो जनता का ख्याल क्या रखेंगे। बिहार की जनता इन पर विश्वास कैसे करेगी। मां बाप अपने बेटे से यह कहता है कि वोट डालने से पहले यह सोच लेना कि वह नहीं आए मोदी ने बिहार के विकास का पूरा ध्यान दिया है।