बिहार में चारों ओर अराजकता का माहौल : उपेंद्र कुशवाहा
बिहार में शासन नाम की चीज नहीं रह गई है। चारों ओर अराजकता ही अराजकता है। शिक्षा के क्षेत्र में बिहार की स्थिति अन्य राज्यों की तुलना में काफी बदतर हो गई है।
समस्तीपुर । बिहार में शासन नाम की चीज नहीं रह गई है। चारों ओर अराजकता ही अराजकता है। शिक्षा के क्षेत्र में बिहार की स्थिति अन्य राज्यों की तुलना में काफी बदतर हो गई है। शाहपुर पटोरी में उक्त बातें राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने कही। मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र के अपने प्रत्याशी रामनिवास राय के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। श्री कुशवाहा ने कहा कि बिहार में उनकी सरकार बनेगी तो दबे कुचले लोगों को मुख्यधारा में जोड़कर एक शिक्षित, समृद्ध और सुसंस्कृत समाज का निर्माण करेंगे। भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी का नामोनिशान नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान और इससे पहले वाली सरकार बीते तीन दशकों के अंदर बिहार को गर्त में मिला चुकी है। अपराध का बोलबाला है तथा घोटालों के राज्य के रूप में बिहार को लोग जानने लगे हैं। उनके साथ आए समाजवादी जनता दल डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि हमारी गठबंधन की सरकार बिहार को ऐसे मुकाम पर ले जाएगी, जिससे बिहार के लोग सम्मान के साथ नाम ले सकेंगे और यह पूरे देश का सबसे विकसित राज्य कहा जाएगा। इन दोनों नेताओं ने वर्तमान और पूर्व की सरकारों पर कई आरोप लगाये और कहा कि इन सरकारों ने बिहार को बदतर स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है।