Bihar Election 2020: मुजफ्फरपुर में बागियों पर भाजपा के कड़े तेवर, इन नेताओं को किया गया निलंबित
Bihar Election 2020 भाजपा के जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने मीनापुर पुर्वी मंडल अध्यक्ष हिमांशु गुप्ता मीनापूर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष धर्मपाल एवं कफेन मंडल अध्यक्ष बसंत कुशवाहा को पूरी कमेटी मोर्चा व प्रकोष्ठ के साथ निलंबित कर दिया है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन।Bihar Election 2020: विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे के बाद बगावत की राह पकडऩे वालों पर सख्ती बढ़ गई है। भाजपा के जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने मीनापुर पुर्वी मंडल अध्यक्ष हिमांशु गुप्ता, मीनापूर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष धर्मपाल एवं कफेन मंडल अध्यक्ष बसंत कुशवाहा को पूरी कमेटी, मोर्चा व प्रकोष्ठ के साथ निलंबित कर दिया है।
तात्कालिक व्यवस्था के तहत सभी मंडलों में संयोजक बनाए गए हैं। इसमें पूर्वी का मणिशंकर शाही, पश्चिमी का संजीव कुमार कुशवाहा और कफेन का श्रवण शर्मा को संयोजक नियुक्त किया गया है। अध्यक्ष ने कहा कि इन्हें अपनी पूरी कमटेी बनाकर जदयू प्रत्याशी मनोज कुमार के पक्ष में अभियान तेज करने की जवाबदेही दी गई है। इसकी जानकारी जिला प्रवक्ता प्रभात कुमार ने दी। प्रवक्ता ने कहा कि सभी सीटों पर एनडीए कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहे है। इधर, जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा कि जिले के सभी 11 विधानसभा क्षेत्रों के एनडीए प्रत्याशी के लिये हमे लगना है। पूरी तरह से गठबंधन धर्म का पालन करना है।
अजय कुशवाहा भाजपा से निलंबित
भाजपा से बागी होकर लोजपा पर मीनापुर से चुनाव लड़ रहे अजय कुशवाहा को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल के निर्देश पर जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने अजय कुशवाहा को पार्टी से निलंबित कर दिया है। यह जानकारी प्रवक्ता प्रभात कुमार ने दी। बता दें कि अजय कुशवाहा पिछली बार भाजपा से मीनापुर विधानसभा चुनाव मैदान में थे ।