Bihar, Muzaffarpur Assembly Election 2020 : मुजफ्फरपुर की मीनापुर विधानसभा सीट से मनोज कुमार होंगे जदयू प्रत्याशी, पहले मनोज कुशवाहा को मिला था सिंबल
Bihar Muzaffarpur Assembly Election 2020 पूर्व मंत्री तथा मीनापुर विधानसभा क्षेत्र से जदयू के प्रत्याशी बनाए गए मनोज कुमार कुशवाहा के मैदान से हटने के बाद मनोज कुमार को जदयू प्रत्याशी घोषित किया गया है। उन्हें पार्टी की ओर से विधिवत सिंबल भी प्रदान किया गया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। Bihar, Muzaffarpur Assembly Election 2020 : बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में दूसरे चरण के नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। इस बीच जदयू ने मीनापुर सीट से अपने प्रत्याशी को बदल दिया है। अब मनोज कुमार यहां से चुनाव मैदान में होंगे। शनिवार को उन्हें विधिवत रूप से सिंबल प्रदान किया गया। इससे पहले पूर्व मंत्री मनोज कुमार कुशवाहा ने यहां से सिंबल सरेंडर कर दिया। इस बार उनका क्षेत्र बदला गया था। उन्हें उनकी परंपरागत कुढ़नी सीट की जगह मीनापुर से चुनाव लड़ने को कहा गया था। लेकिन, कार्यकर्ताओं के आक्रोश को देखते हुए उन्होंने खुद को मैदान से बाहर कर लिया।
जदयू किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रहे मीनापुर के मुस्तफागंज निवासी प्रगतिशील किसान मनोज कुमार को मीनापुर विधानसभा क्षेत्र से जदयू का टिकट मिला है। उनकी गिनती जैविक विधि व आधुनिक तरीके से खेती करने वाले एक सफल किसान के रूप में होती है। अमरूद, लीची व सब्जियों की खेती उनकी खास पहचान है। वे बिहार विवि से भूगोल स्नातकोत्तर में टाॅपर्स व गोल्ड मेडलिस्ट रहे हैं । उनकी खेती-किसानी से जुड़ी कई खबरें पहले दैनिक जागरण में प्रकाशित हुईं इसके बाद दूसरे अखबारों, बीबीसी व अंग्रेजी अखबारों ने फाॅलोअप किया। उनकी खेती-किसानी देखने राज्य के तत्कालीन कृषि मंत्री रेणु कुशवाहा व बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं भी आए थे।