बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के साथ नया बिहार बनाएंगे : चिराग पासवान
बिहार फस्ट बिहारी फस्ट विजन के साथ बिहार को नया बिहार बनाया जाएगा। हम एक ऐसा बिहार बनाएंगे जहां से रोजगार और शिक्षा के लिए लोगों का पलायन नहीं हो। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ यहां के युवाओं के रोजगार की भी व्यवस्था बिहार में ही की जाएगी। ये बातें लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान ने बुधवार को कुचायकोट प्रखंड के बलिवन सागर उच्च विद्यालय के परिसर में लोजपा प्रत्याशी रवि पांडेय के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अब तक बड़े भाई और छोटे भाई की 15-15 साल की सरकार ने बिहार और बिहारियों का बंटाधार कर दिया।
कुचायकोट(गोपालगंज) : बिहार फस्ट बिहारी फस्ट विजन के साथ बिहार को नया बिहार बनाया जाएगा। हम एक ऐसा बिहार बनाएंगे जहां से रोजगार और शिक्षा के लिए लोगों का पलायन नहीं हो। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ यहां के युवाओं के रोजगार की भी व्यवस्था बिहार में ही की जाएगी। ये बातें लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चिराग पासवान ने बुधवार को कुचायकोट प्रखंड के बलिवन सागर उच्च विद्यालय के परिसर में लोजपा प्रत्याशी रवि पांडेय के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अब तक बड़े भाई और छोटे भाई की 15-15 साल की सरकार ने बिहार और बिहारियों का बंटाधार कर दिया।आज बिहार के मुख्यमंत्री बिहारियों के बिहार में रोजगार के नाम पर हाथ खड़े कर दिए हैं। सात निश्चय योजना भ्रष्टाचार का पिटारा है। अगर उनकी सरकार बनती है तो सात निश्चय की योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार का व्यापक पैमाने पर जांच करा कर मुख्यमंत्री की जवाबदेही फिक्स की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज तीन साल की डिग्री बिहार के युवाओं को पांच साल में मिल रही है। नीतीश सरकार ने समाज को अगड़े पिछड़े, पिछड़े अत्यंत पिछड़े, दलित महादलित समेत कई टुकड़ों में विभाजित कर सिर्फ वोट लेने का काम किया। अगर उनकी सरकार बनती है तो उनका पहला लक्ष्य गरीब युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना होगा। बिहार में पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जाएगा। सीतामढ़ी में सीता माता का भव्य मंदिर बनाना उनका सपना है। इससे पूर्व कुचायकोट विधानसभा क्षेत्र से लोजपा प्रत्याशी रवि पांडेय, लोजपा नेत्री माधुरी पांडेय तथा चिराग पासवान का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। यहां सभा को संबोधित करने के बाद लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने हथुआ के बरवा कपरपुर मैदान में भी चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नीतीश सरकार पर हमला बोला।