Bihar Election: रघुवंश प्रसाद सिंह की मौत चमका गई रामा सिंह की सियासत, RJD में हो सकती बैकडोर एंट्री
Bihar Assembly Election 2020 आरजेडी नेता रहे रघुवंश प्रसाद सिंह की मौत के बाद वैशाली के बाहुबली नेता रामा सिंह की सियासत चमकती दिख रही है। आरजेडी में उनकी एंट्री का रास्ता साफ हो गया है। बवाल बचाने को उनके बदले पत्नी को टिकट देने की कवायद चल रही है।
पटना, जेएनएन। Bihar Assembly Election 2020: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कद्दावर नेता रहे रघुवंश प्रसाद सिंह (Raghuvansh Prasad Singh) ने जिस रामा सिंह (Rama Singh) की पार्टी में एंट्री का मरते दम तक विरोध किया, अब उनकी बैकडोर एंट्री होती दिख रही है। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) में रामा सिंह की पत्नी को वैशाली के महनार (Mahanar) या लालगंज (Lalganj) से टिकट भी दिया जा सकता है। रामा सिंह रविवार की शाम पटना स्थित राबड़ी आवास (Rabri Devi Residence) पहुंचे। बताया जा रहा है कि वहां उनकी तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के साथ लंबी बातचीत हुई।
रामा सिंह की राबड़ी आवास में तेजस्वी से बातचीत
सूत्रों के अनुसार रविवार देर शाम रामा सिंह की राबड़ी आवास में तेजस्वी यादव से बातचीत हुई। रामा सिंह पत्नी के लिए महनार व लालगंज सीट चाहते हैं, लेकिन महनार सीट पर आरजेडी के बड़ नेता विशुनदेव राय के भतीजे डॉ. मुकेश रंजन (Dr. Mukesh Ranjan) ने भी दावा किया है। मुकेश रंजन का दावा है कि वहां उन्हें रघुवंश प्रसाद सिंह के स्वजनों का भी साथ मिलेगा। जबकि, रामा सिंह को उनका विरोध झेलना पड़ेगा। रविवार को रामा सिंह के साथ तेजस्वी ने मुकेश सिंह को भी बुला कर बात की, लेकिन फिलहाल कोई हल नहीं निकल सका है। इस मसले पर सोमवार को फिर बात होनी है।
रामा सिंह की रघुवंश के साथ चली लंबी अदावत
विदित हो कि वैशाली की राजनीति में रामा सिंह की रघुवंश प्रसाद सिंह के साथ लंबी राजनीतिक अदावत रही। रामा सिंह को जब पार्टी में एंट्री देने की कोशिश शुरू हुई, तब रघुवंश प्रसाद सिंह ने इसका प्रबल विरोध किया। इस मामले में रामा सिंह ने रघुवंश प्रसाद सिंह के खिलाफ बयानबाजी भी कर दी। रघुवंश प्रसाद के जीते-जी रामा सिंह की आरजेडी में एंट्री नहीं हो सकी। अब उनकी मौत के बाद वे आरजेडी के टिकट पर वैशाली में भाग्य आजमाते दिख रहे हैं।