Bihar Election 2020: लोकतंत्र के महापर्व में समानता का 'मंगलगान', पहली बार थर्ड जेंडर को पीठासीन पदाधिकारी बनाने की खूब हो रही तारीफ
Bihar Election 2020 पहले थर्ड जेंडर के प्रति एक अलग ही ही सामाजिक नजरिया था लेकिन अब इसमें बदलाव आया है। लोगों की सोच भी बदल रही है। वे बताती हैं कि नवोदय विद्यालय से पढ़ाई पूरी करने के बाद पटना विश्वविद्यालय से स्नातक किया। संघर्ष तो करना पड़ा।
पटना [ अंकिता भारद्वाज ]। Bihar Election 2020 बिहार में हो रहे विधानसभा चुनाव में पहली बार एक मंगलामुखी (थर्ड जेंडर) को भी चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा बनाया गया है। लोकतंत्र का महापर्व है और इस लोकतांत्रिक व्यवस्था में समानता के सिद्धांत का इससे खूबसूरत नजारा और क्या हो सकता है। जिस समुदाय के मंगलगान से हर शुभ कार्य होता हो, उसी का कोई प्रतिनिधि चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा बन लोकतंत्र के गीत गा रहा। महिला हों या पुरुष, मतदाता या मतदानकर्मी के रूप में अपनी भागीदारी निभाते रहे हैं, पर यह पहली बार है कि थर्ड जेंडर के किसी प्रतिनिधि ने मतदान केंद्र पर पीठासीन पदाधिकारी के रूप में कमान संभाली हो।
बैंक ऑफ बड़ौदा में कार्यरत मोनिका बहुत खुश हैं। वे मंगलवार को समय से मतदान केंद्र पर पहुंच गई थीं। उनकी ड्यूटी बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के कालीदास रंगालय मतदान केंद्र पर लगी थी। उन्होंने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि पहले लोगों से बात करने में संकोच होता था। पहले थर्ड जेंडर के प्रति एक अलग ही ही सामाजिक नजरिया था, लेकिन अब इसमें बदलाव आया है। लोगों की सोच भी बदल रही है। वे बताती हैं कि नवोदय विद्यालय से पढ़ाई पूरी करने के बाद पटना विश्वविद्यालय से स्नातक किया। संघर्ष तो करना पड़ा। फिर बैंक में नौकरी लग गई। आज चुनाव में पीठासीन पदाधिकारी के रूप में दायित्व निर्वहन करते वक्त यह अहसास हो रहा है कि हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर कोई समान है। यही हमारे समाज की असली ताकत है।
मोनिका कहती हैं, यहां हर काम मेरी इजाजत से हो रहा है। लोग आ रहे हैं, उन्हीं से पूछ रहे हैं कि वोट देने किधर जाना है। अच्छा लग रहा है। वे चाहती हैं कि ज्यादा से ज्यादा मतदान हो। लोग वोट का महत्व समझें। जब पता चला कि उन्हें पीठासीन पदाधिकारी बनाया गया है, तो बहुत खुशी हुई, क्योंकि उन्हें अपने समुदाय के प्रतिनिधि के तौर पर एक मौका मिला था। यह बताने का भी कि थर्ड जेंडर की भी जिंदगी औरों की तरह सामान्य है और उनके लिए भी हर जगह समान अवसर है। मोनिका ने कहा कि यहां थर्ड जेंडर के लोग वोट देने आते हैं तो उनके लिए अलग से लाइन लगाई जाएगी। सरकार बनाने मेें हर किसी की भूमिका होती है, इसलिए मतदान में भागीदारी जरूर निभानी चाहिए।