Move to Jagran APP

Bihar Election 2020: तेजस्‍वी ने रामा सिंह को गुपचुप तरीके से थमाया सिंबल, महनार से चुनाव लड़ेंगी उनकी पत्नी वीणा

Bihar Election 2020 राजद ने रामा सिंह की पत्नी को दिया टिकट। रामा सिंह की पार्टी में एंट्री की सूचना पर राजद कार्यकर्ताअों ने जमकर हंगामा किया था। राजद के वरिष्‍ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने मरते दम तक उनके राजद में शामिल होने का विरोध किया था।

By Sumita JaiswalEdited By: Published: Thu, 08 Oct 2020 08:13 AM (IST)Updated: Thu, 08 Oct 2020 02:33 PM (IST)
Bihar Election 2020: तेजस्‍वी ने रामा सिंह को गुपचुप तरीके से थमाया सिंबल, महनार से चुनाव लड़ेंगी उनकी पत्नी वीणा
पूर्व सांसद रामा सिंह और नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव की तस्‍वीर।

पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Election 2020:  लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav)  के करीबी सहयोगी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह (Former Union Minister Raghuvansh Prasad Singh)  के निधन के बाद आखिरकार रामा सिंह (Rama Singh)  का राजद (RJD) में प्रवेश आसान हो गया। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Leader of opposition Tejashwi Yadav)  ने सात अक्‍टूबर, बुधवार देर रात गुपचुप तरीके से उन्हें राजद का सिंबल दे दिया। रामा सिंह की पत्नी वीणा सिंह  (Veena Singh) को महनार (Mahnar)  से प्रत्याशी बनाया है।  वैशाली से लोजपा के पूर्व सांसद रामा सिंह को लेकर लगातार कहा जा रहा था कि वह राजद के सिंबल से चुनाव लडऩे वाले हैं। किंतु तेजस्वी इस पर चुप्पी साधे हुए थे और बार-बार राजद में रामा सिंह के प्रवेश की तारीख टल रही थी।

loksabha election banner

बता दें कि मंगलवार को ही रामा सिंह को राजद में शामिल कराने और पत्‍नी को महनार से उम्‍मीदवार बनाने की घोषणा होनी थी। मगर पार्टी कार्यकर्ताओं के उग्र विरोध को देखते हुए इसे टाल दिया गया। हालांकि रामा सिंह ने मीडिया में कहा था कि उनकी पत्‍नी वीणा सिंह को महनार से उम्‍मीदवार बनाया जाना है।

रामा सिंह की रघुवंश से रही सियासी अदावत

रामा सिंह से रघुवंश की सियासी अदावत पुरानी थी। 2014 के लोकसभा चुनाव में रामा ने लोजपा के टिकट पर वैशाली से लड़कर रघुवंश को हरा दिया था। रघुवंश के राजद से इस्तीफे के बाद भी पार्टी में एक ग्रुप ऐसा था, जो रामा सिंह को राजद में लाने के प्रयासों का विरोध कर रहा था। ऐसे लोगों की महनार सीट पर नजर थी और वे समझ रहे थे कि अगर रामा सिंह ने राजद की सदस्यता ले ली तो उनकी संभावना खत्म हो जाएगी।

रघुवंश बाबू ने मरते दम तक किया था विरोध

बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजद के वरिष्‍ठ नेता रधुवंश प्रसाद सिंह ने मरते दम तक राजद में रामा सिंह की एंट्री का विरोध किया था। रघुवंश बाबू के विरोध और इस्‍तीफा प्रकरण के कारण लंबे समय से रामा सिंह की राजद में एंट्री टल रही थी।

कार्यकर्ताओं ने किया था हंगामा

 दरअसल, राजद ने प्रथम चरण की अपनी सभी सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी थी। पहले चरण की कुल 71 सीटों में से राजद के हिस्से 41 सीटें आई हैं।  सोमवार की देर रात तक राजद ने अपने 31 प्रत्याशियों को सिंबल दिए थे। मंगलवार की रात नौ प्रत्याशियों को भी सिंबल दे दिए गए। पांच अक्‍टूबर, सोमवार को वैशाली जिले से बड़ी संख्या में राजद समर्थक आए और रामा सिंह के राजद में प्रवेश का विरोध किया। पूर्व सांसद रामा सिंह के राजद में एंट्री और उनकी पत्‍नी को महनार से टिकट दिए जाने की सूचना पर भी राजद कार्यकर्ताओं ने  राबड़ी देवी के आवास के सामने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह राजद में रामा सिंह को लाने के पक्ष में नहीं थे। इसलिए उनके निधन के बाद भी उनकी इच्छाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।

राजद ने यह समाधान निकाला

 पांच अक्टूबर को राबड़ी देवी आवास के बाहर रामा सिंह के विरोध में महनार के कार्यकर्ता लगातार हंगामा कर रहे थे। राजद नेतृत्व ने इस विरोध का अलग समाधान निकाला। महनार से राजद के टिकट के दावेदार मुकेश रोशन को महुआ से प्रत्याशी बनाया गया है। यह सीट तेज प्रताप यादव के क्षेत्र बदलकर हसनपुर जाने से खाली हुई है।

 राजद के ये विधायक हुए  बेटिकट

राजद ने अपने कुछ विधायकों के टिकट भी काटे हैं। इनमें मखदुमपुर विधायक सूबेदार दास, बड़हरा विधायक सरोज कुमार, ओबरा के वीरेंद्र कुमार शामिल हैं। अतरी विधायक कुंती यादव की जगह उनके पुत्र अजय यादव को टिकट दिया गया है। इसी तरह संदेश विधायक अरुण यादव के बदले उनकी पत्नी किरण देवी को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके पहले राजद ने प्रथम चरण की अपनी जीती हुई सीटों में से अरवल, काराकाट, पालीगंज एवं आरा को माले को दे दिया था, जिसके चलते उसके चार विधायक बेटिकट हो गए थे। पालीगंज के विधायक जयवर्द्धन यादव ने पहले ही राजद छोड़कर जदयू की सदस्यता ले ली थी।

पार्टी के दिग्‍गजों के पुत्रों को  टिकट

राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र सुधाकर कुमार सिंह को राजद ने रामगढ़ से अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी के पुत्र राहुल तिवारी को शाहपुर से प्रत्याशी बनाया गया है। पूर्व विधायक व दुष्‍कर्म की सजा काट रहे राजवल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को राजद ने नवादा से टिकट दिया है। मोकामा से अनंत सिंह राजद के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। संदेश के विधायक अरुण यादव की पत्नी किरण देवी को टिकट दिया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.