Bihar Election 2020: राजद ने प्रथम चरण के सभी प्रत्याशियों को थमाया सिंबल, दूसरे चरण की सीटों पर मंथन शुरू
Bihar Election 2020 सोमवार की देर रात तक राजद ने अपने 32 प्रत्याशियों को सिंबल दिए थे। मंगलवार को बाकी बचे नौ प्रत्याशियों को भी सिंबल दे दिए गए। राजद ने अपने कुछ विधायकों के टिकट भी काटे हैं।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Election 2020: राजद ने प्रथम चरण की अपनी सभी सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पहले चरण की कुल 71 सीटों में से राजद के हिस्से 41 सीटें आई हैं। मंगलवार को लगभग सभी प्रत्याशियों को सिंबल दे दिए गए हैं। सोमवार की देर रात तक राजद ने अपने 32 प्रत्याशियों को सिंबल दिए थे। मंगलवार को बाकी बचे नौ प्रत्याशियों को भी सिंबल दे दिए गए। अब राबड़ी देवी के आवास पर दूसरे चरण के उम्मीदवार तय करने की कवायद जारी है।
इन विधायकों के कटे टिकट
राजद ने अपने कुछ विधायकों के टिकट भी काटे हैं। इनमें मखदुमपुर विधायक सूबेदार दास, बड़हरा विधायक सरोज कुमार, ओबरा के वीरेंद्र कुमार शामिल हैं। अतरी विधायक कुंती यादव की जगह उनके पुत्र अजय यादव को टिकट दिया गया है। इसी तरह संदेश विधायक अरुण यादव के बदले उनकी पत्नी किरण देवी को प्रत्याशी बनाया गया है। इसके पहले राजद ने प्रथम चरण की अपनी जीती हुई सीटों में से अरवल, काराकाट, पालीगंज एवं आरा को माले को दे दिया था, जिसके चलते उसके चार विधायक बेटिकट हो गए थे। पालीगंज के विधायक जयवर्द्धन यादव ने पहले ही राजद छोड़कर जदयू की सदस्यता ले ली थी।
पार्टी के दिग्गजों के पुत्रों को टिकट
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र सुधाकर कुमार सिंह को राजद ने रामगढ़ से अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी के पुत्र राहुल तिवारी को शाहपुर से प्रत्याशी बनाया गया है। पूर्व विधायक व दुष्कर्म की सजा काट रहे राजवल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को राजद ने नवादा से टिकट दिया है। मोकामा से अनंत सिंह राजद के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। संदेश के विधायक अरुण यादव की पत्नी किरण देवी को टिकट दिया गया है।
आज राजद के इन नौ प्रत्याशियों को मिले सिंबल
1 - रफीगंज - नेहालुद्दीन
2- बड़हरा - बीडी सिंह
3- मखदुमपुर - सतीश दास
4- भभुआ : भरत बिंद
5- मोहनिया - संगीता देवी
6- मुंगेर - अविनाश कुमार
7- डेहरी - फतेह बहादुर कुशवाहा
8- शेरघाटी - मंजू अग्र्रवाल
9- बांका - जावेद इकबाल अंसारी