Bihar Election 2020: रामा सिंह के राजद में एंट्री के विरोध में कार्यकर्ताओं ने राबड़ी आवास पर किया हंगामा
Bihar Election 2020 वैशाली जिले से बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने रामा सिंह के राजद में प्रवेश का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने कहा पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह रामा सिंह को पार्टी में लाने के पक्ष में नहीं थे। उनकी इच्छाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Election 2020: राजद में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया के बीच टिकट की दावेदारी एवं कार्यकर्ताओं की उपेक्षा के मुद्दे पर हंगामा भी जारी है। राबड़ी देवी के आवास और राजद कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में टिकट के दावेदार अपने समर्थकों के साथ आ रहे हैं और निराश होने पर हंगामा कर रहे हैं। पांच अक्टूबर, सोमवार को भी वैशाली जिले से बड़ी संख्या में राजद समर्थक आए और रामा सिंह के राजद में प्रवेश का विरोध किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह राजद में रामा सिंह को लाने के पक्ष में नहीं थे। इसलिए उनके निधन के बाद भी उनकी इच्छाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
रामा ने की थी तेजस्वी से मुलाकात
बता दें कि एक दिन पहले रविवार को रामा सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि उन्हें महनार से राजद का प्रत्याशी बनाया जा सकता है। राजद कार्यकर्ता इसका विरोध कर रहे हैं। हालांकि राजद नेताओं का कहना है कि हंगामा करने वाले कार्यकर्ताओं का रघुवंश प्रसाद सिंह से लेना-देना नहीं है।
टिकट दावेदार करा रहे हंगामा
विरोध के पीछे मुकेश रौशन की भूमिका है। मुकेश खुद महनार से राजद के टिकट के दावेदार हैं। किंतु रामा सिंह के आने के बाद उनकी दावेदारी कमजोर पड़ जाएगी। इसलिए स्व. रघुवंश प्रसाद सिंह की ओट में सुनियोजित तरीके से रामा सिंह के रास्ते में रोड़े अटकाए जा रहे हैं। राजद की ओर से पहले मुकेश को महनार के बदले हाजीपुर से प्रत्याशी बनाने का आश्वासन दिया गया था। किंतु बाद में नेतृत्व को लगा कि हाजीपुर में यादव प्रत्याशी कारगर नहीं होगा। इसलिए देवकुमार चौरसिया की दावेदारी पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। मुकेश रौशन के समर्थकों को यह रास नहीं आ रहा है। इसलिए विरोध जारी है।
राजद ने दिया लोजपा का झटका
लोजपा सांसद के पुत्र ने राजद की ली सदस्यता --राजद ने लोजपा को बड़ा झटका दिया है। खगड़िया से लोकसभा सदस्य महबूब अली कैसर के पुत्र युसूफ कैसर ने सोमवार को राजद की सदस्यता ग्रहण कर ली। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को अपने आवास पर युसूफ को राजद की सदस्यता दिलाई।