Bihar Election 2020: लोजपा प्रत्याशी व अपनी बेटी कोमल सिंह के लिए जमीन तैयार करना एमएलसी दिनेश सिंह को पड़ गया महंगा
Bihar Election 2020 मुजफ्फरपुर से एमएलसी दिनेश सिंह को पार्टी ने निकाल दिया है। अभी उनकी बेटी कोमल सिंह गायघाट से लोजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला राजद से जदयू में आए महेश्वर यादव से है। दिनेश सिंह पर जदयू कार्यकर्ताओं को धमकाने का आरोप है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। Bihar Election 2020: बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के तीसरे चरण के चुनाव से पहले जदयू ने सख्त कदम उठाया है। पार्टी ने लोजपा की वैशाली से सांसद वीणा देवी के पति एमएलसी दिनेश सिंह को निकाल दिया है। अभी उनकी बेटी कोमल सिंह गायघाट विधानसभा सीट से लोजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। जहां उनका मुकाबला राजद से जदयू में आए महेश्वर यादव से है। उन पर आरोप है कि वे जनता दल यूनाइटेड के कार्यकर्ताओं पर दबाव बना रहे हैं कि वे लोजपा के लिए काम करे। इतना ही नहीं, जो लोजपा के लिए काम नहीं करते हैं उनको धमकाया जा रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में भय का माहौल है। इस आशय की शिकायत लगातार पार्टी नेतृत्व को मिल रही थी। इसके बाद नेतृत्व ने अपने स्तर से इसकी जांच कराने के बाद दिनेश सिंह को पार्टी से निकालने का फैसला किया है।
जदयू के प्रदेश महासचिव डॉ नवीन चंद्र आर्य की ओर से जारी पत्र में इस आशय की जानकारी भी दी गई है। जिसमें उनकी गतिविधियों के कारण पार्टी और प्रत्याशी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विदित हो कि एमएलसी दिनेश सिंह की बेटी कोमल सिंह के गायघाट से चुनाव मैदान में उतरने के बाद यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। पहले राजद और जदयू के बीच सीधा मुकाबला होने की उम्मीद की जा रही थी। इसी सीट से वर्तमान में वैशाली सीट से लोजपा की सांसद वीणा देवी भाजपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुई थीं। वर्ष 2015 के चुनाव में भी भाजपा ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था लेकिन वह उस समय राजद के प्रत्याशी रहे महेश्वर यादव से हार गई थीं। इसके बाद वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने लोजपा से वैशाली सीट के लिए टिकट हासिल करने में सफल रहीं।इसके बाद वह वैशाली से सांसद निर्वाचित हुईं।