Bihar Election 2020 : दूसरे चरण के मतदान से पहले कांग्रेस ने बना ली है भाजपा-जदयू को घेरने की रणनीति
कांग्रेस के लिए 2015 का विधानसभा चुनाव बहुत शानदार रहा। पार्टी 2020 के चुनाव में इसे और आगे ले जाना चाहती है। दूसरे दौर में 24 सीटों पर कांग्रेस चुनाव मैदान में है। इनमें पांच सीटें पार्टी ने 2015 में भी जीती थीं
जेएनएन, पटना : कांग्रेस अगले चरण के मतदान के लिए रणनीति बनाने में जुट गई हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की पहली पंक्ति की टीम के वरिष्ठ नेता और कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा, झारखंड कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय के साथ ही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा भावी रणनीति को अंतिम रूप दे रहे हैं। मतदान के बाद बुधवार की देर रात इन नेताओं की पाटलिपुत्र में एक बैठक भी हुई। जिसमें दूसरे चरण 24 की सीटों जिन पर कांग्रेस मैदान में है उन सीटों पर प्रत्याशियों के प्रचार के मुद्दे पर मंथन हुआ।
पुराने मुद्दों पर नये अंदाज में करेंगे हमला
कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि पार्टी दूसरे चरण के चुनाव में पुराने मुद्दों को लेकर ही विरोधियों को घेरने की रणनीति पर काम करेगी। बेरोजगारी, बढ़ते अपराध, महंगाई, छात्रों, नौजवानों और श्रमिकों का बिहार से पलायन, मोदी-नीतीश सरकार के झूठे वादों और कोरोना, लॉकडाउन के साथ ही तीन कृषि कानून जैसे मुद्दों को उठाकर ही पार्टी के नेता प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी मैदान में हवा बनाएंगे। पार्टी ने स्टार प्रचारक नियुक्त कर दिए हैं उन्हें विरोधियों के घेरने के मुद्दे भी समझा दिए गए हैं।
पहला फोकस जिताऊ सीटों पर
सूत्रों ने बताया कि दूसरे चरण में पार्टी का पहला फोकस जिताऊ सीटों पर है। इस चरण में कांग्रेस 24 सीटों पर चुनाव मैदान में होगी। जिनमें से पांच उसकी सिटिंग सीटें हैंं। ये सीटें हैं बेतिया, कुशेश्वरस्थान, महाराजगंज, बेगूसराय और भागलपुर। इनके अलावा गोविंदगंज, फुलपरास, नालंदा, गोपालगंज, कुचायकोट, लालगंज, महाराजगंज, बेल्दौर, राजगीर, और बांकीपुर। पार्टी का दावा है कि इन सीटों पर वह पहले से ही बढ़त में है।
महत्वपूर्ण तथ्य
- दूसरे दौर में 24 सीटों पर कांग्रेस चुनाव मैदान में
- 24 में पांच सीटें पार्टी ने 2015 में भी जीती थी