Bihar Eleciton 2020: दिल्ली में दिनभर चला मंथन, पहले चरण में 13 नए चेहरों के साथ कांग्रेस उतारेगी 23 प्रत्याशी
Bihar Eleciton 2020 दिल्ली में दिनभर सीटों पर चला मंथन। 23 में से 10 सीटिंग सीट है पार्टी की। 13 युवा भी होंगे मैदान में। प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार तक पहले चरण की सूची के साथ दिल्ली से वापस लौटेंगे इसके बाद होगा आधिकारिक एलान।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Eleciton 2020: महागठबंधन (Grand Alliance) में शामिल कांग्रेस (Congress) विधानसभा चुनाव (Assembly Poll) के पहले चरण (first phase) में 23 सीटों पर किस्मत आजमाएगी, जिनमें 13 नए चेहरे होंगे। पांच अक्टूबर, सोमवार को दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने बिहार के नेताओं की मौजूदगी में पहले चरण की सीटें और उनके प्रत्याशियों (candidates) के नाम तय कर दिए हैं। हालांकि पार्टी ने अब तक इसका आधिकारिक एलान (official announcement) नहीं किया है।
सीटों की स्क्रीनिंग का काम पूरा हुआ
दिल्ली से ऐसी खबरें आईं कि केंद्रीय नेतृत्व ने 243 सीटों की स्क्रीनिंग का जो काम तीन दिन पहले शुरू किया था उसे आज पूरा कर लिया गया। सोमवार की दोपहर दिल्ली में कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल, स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडेय, सचिव अजय कपूर, वीरेंद्र राठौर के साथ ही बिहार अध्यक्ष मदन मोहन झा और विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह की मौजूदगी में यह काम पूरा किया गया।
23 में से 10 सीटिंग सीट
सूत्रों ने बताया पार्टी नेतृत्व ने पहले चरण के लिए 23 सीटों की पहचान की है। इनमें 10 सिटिंग सीटें हैं। जिनपर पिछली बार कांग्रेस के प्रत्याशी जीत दर्ज कराते हुए विधानसभा तक पहुंचे थे। इन सीटिंग सीटों में बक्सर, सिकंदरा, मोहनिया, बिक्रम, कहलगांव, बरबीघा, औरंगाबाद, कुटुम्बा, गया टाउन और वजीरगंज हैं। इनके अलावा पहले चरण के लिए कांग्रेस ने रफीगंज, सासाराम, चैनपुर, कुर्था, चेनारी, जमालपुर, हिसुआ, वारसलीगंज, अमरपुर, शेखपुरा, करगहर, तारापुर और नवीनगर सीटों का भी चयन किया है।
नए युवा चेहरे मैदान में होंंगे
चर्चा है कि इन सीटों से कांग्रेस के नए और युवा चेहरे इस बार मैदान में होंगे। सूत्रों ने बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगलवार तक पहले चरण की सूची के साथ दिल्ली से वापस लौटेंगे इसके बाद ही आधिकारिक एलान संभव हो पाएगा।