Bihar Election: दबंगों की पत्नियां आजमाएंगी हाथ, RJD ने राजबल्लभ की पत्नी को मैदान में उतारा, कई लाइन में
Bihar Assembly Election बिहार विधानसभा चुनाव में इस बार दबंगों की पत्नियां मैदान में हैं। आरजेडी ने दुष्कर्म के सजायाफ्ता राजबल्लभ यादव और दुष्कर्म के आरोपित अरुण यादव की पत्नी को टिकट दिया है। जेडीयू ने भी दबंग रहे बिंदी यादव की पत्नी को टिकट दिया है।
पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Assembly Election 2020: बिहार में महागठबंधन (Mahagathbandhan) द्वारा सोमवार को टिकट के ऐलान साथ ही सियासत में दो बाहुबलियों की पत्नी उतर गई हैं। आगे दो चरणों के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा पर कई और चेहरों के सामने आने के आसार हैं। तत्काल दो दबंगों की बीवियां ताल ठोक रहीं हैं। पत्नियों के अलावा अनंत सिंह सहित कई दबंग भी ताल ठोकते नजर आ रहे हैं।
राजबल्लभ व अरुण की पत्नियों को आरजेडी ने दिए टिकट
आरा जिले के संदेश विधानसभा क्षेत्र से जहां दुष्कर्म के आरोपित अरुण यादव की पत्नी किरण देवी को राष्ट्रीय जनता दल ने टिकट दिया है, वहीं नवादा से दुष्कर्म के ही मामले में सजायाफ्ता राजबल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी पर आरजेडी ने एक फिर दांव लगाया है। विभा राजद से लोकसभा 2019 का चुनाव हार चुकी हैं। राजबल्लभ जेल में बंद हैं, जबकि अरुण यादव को पुलिस तलाश रही है।
बाहुबली अनंत सिंह या पत्नी मोकामा से आरजेडी प्रत्याशी
उधर, मोकामा से आरजेडी ने निर्दलीय विधायक अनंत सिंह को भी प्रत्याशी बनाया है। हालांकि, चर्चा है कि इस बार अनंत खुद न लड़कर अपनी पत्नी नीलम देवी को भी लड़ा सकते हैं। आरजेडी के एक अन्य बाहुबली में बेलागंज से आरजेडी प्रत्याशी सुरेंद्र यादव हैं। सुरेंद्र 1990 से लगातार विधायक हैं। वहीं जहानाबाद से सुदय यादव का नाम भी दबंगों में शुमार रहा है।
जेडीयू के टिकट पर मैदान में उतरीं दबंग बिंदी की पत्नी
उधर, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में जनता दल यूनाइटेड ने गया जिले के अतरी सीट से मनोरमा देवी को टिकट दिया है। कार को साइड नहीं देने के कारण हत्या करने वाले रॉकी यादव की मां और दबंग रहे बिंदी यादव की पत्नी हैं। वर्तमान में मनोरमा देवी स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र से विधान पार्षद हैं। मनोरमा का कार्यकाल मई 2021 तक है। घर में शराब मिलने के जुर्म में मनोरमा भी जेल जा चुकी हैं। आगे और कई दबंगों ने अपने-अपने स्वजनों को 17वीं विधानसभा के जंग में लड़ाके बनाने की बिसात बिछाने में जुटे हैं।