Bihar Assembly Election 2020: 'बिहार में का बा' कहकर तेजस्वी कर रहे बिहारियों का अपमान: मांझी
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अब पार्टी के बड़े नेता हमलावर हो गए हैं। बिहार में का बा को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों के बाद हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने विपक्ष पर पलटवार किया है।
पटना, जेएनएन। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 की घोषणा के साथ ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। 15-15 सालों के कार्य का लोखा-जोखा लिया जा रहा है। अब बड़े नेता हमलावर हो गए हैं। बिहार में का बा को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों के बाद हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने विपक्ष पर पलटवार किया है। हम प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा कि जो लोग बिहार में का बा जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, उन्हेंं अपने 15 साल के शासन और इसके बाद के बिहार का इतिहास और वर्तमान को अच्छी तरह जानना चाहिए।
15 साल के जंगलराज के बाद बिहार ने देखा बदलाव
मांझी ने कहा कि 15 साल के जंगलराज के बाद बिहार ने जो बदलाव देखा है, वह अद्वितीय है। शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क से लेकर समाज के हर तबके के लिए नीतीश सरकार ने जो काम किए उन्हें गिनाने में महीनों बीत जाएंगे। बिहार को बदनाम करने में लालू परिवार ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी और अब उनके पुत्र और राजद नेता तेजस्वी यादव भी बिहार में का बा कह कर बिहारियों को अपमानित कर रहे हैं।
नहीं पच रहा बिहार का विकास
हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष कुछ पढ़-लिख लेते तो बिहार के गौरवमयी इतिहास को अच्छी तरह समझ पाते। बिहार के इतिहास को बदनाम करने वालों के पेट में नीतीश कुमार के विकास कार्य पच नहीं रहे इसलिए का बा कहकर सवाल उठा रहे हैं।
इसबार तीन चरणों में चुनाव
कोरोना वायरस की वजह से इस बार बिहार विधानसभा चुनाव तीन चरणों में कराया जाएगा। बिहार की कुल 243 सीटों के लिए पहले फेज में वोट 28 अक्टूबर को डाले जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में तीन नवंबर तो तीसरे में सात नवंबर को मतदान होगा। चुनाव का परिणाम 10 नवंबर को घोषित कर दिया जाएगा।