Bihar By Election Results 2019: प्रिंस राज ने बचाई LJP की प्रतिष्ठा, पासवान का भी बढ़ा कद
समस्तीपर लोकसभा उपचुनाव की मतगणना में एलजेपी ने जीत दर्ज की। वहां एलजेपी के प्रिंस राज एक लाख से भी अधिक वोट से जीते। दूसरे स्थान पर कांग्रेस प्रत्याशी अशोक कुमार रहे।
पटना [जेएनएन]। बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट (Samastipur Lok Sabha) पर हुए उपचुनाव (By Election) की मतगणना (Counting) गुरुवार को हुई। इसमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के प्रत्याशी प्रिंस राज (Prince Raj) ने जीत दर्ज की है। उनकी जीत से एलजेपी सुप्रीमो राम विलास पासवान (Ram Vilas Paswan) का कद एनडीए में बढ़ना तय माना जा रहा है।
प्रिंस को मिले आधे से अघिक वोट
प्रिंस राज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अशोक कुमार को एक लाख से भी अधिक मतों से पराजित कर दिया। चुनाव में कुल 1680470 वोटरों में से करीब 45 फीसद ने वोट दिए। आंकड़े के अनुसार समस्तीपुर में करीब 7.50 लाख वोटिंग हुई थी। मतगणना में वे लगातार बढ़त बनाकर चलते रहे और अंत तक बढ़त बरकरार रहा।
सीट बचाने में सफल रही एलजेपी
समस्तीपुर लोकसभा सीट न केवल एनडीए, बल्कि केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के लिए भी प्रतिष्ठा की सीट थी। रामविलास पासवान के छोटे भाई व एलजेपी सांसद रामचंद्र पासवान के निधन के कारण खाली हुई इस सीट पर पार्टी ने उनके पुत्र प्रिंस राज को टिकट दिया। एनडीए का इस सिटिंग सीट पर कब्जा पहले से ही तय माना जा रहा था।