Move to Jagran APP

असम में राहुल गांधी ने जारी किया पार्टी का घोषणापत्र, कहा- राज्य के विचारों की करेंगे रक्षा

कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा और संघ द्वारा हमारी भाषाओं इतिहास और हमारे सोचने के तरीके पर हमला किया जा रहा है। इसलिए यह घोषणापत्र एक गारंटी प्रदान करता है कि हम असम राज्य के विचार की रक्षा करेंगे।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Published: Sat, 20 Mar 2021 05:52 PM (IST)Updated: Sat, 20 Mar 2021 06:02 PM (IST)
असम में राहुल गांधी ने जारी किया पार्टी का घोषणापत्र, कहा- राज्य के विचारों की करेंगे रक्षा
कांग्रेस का घोषणापत्र जारी करते हुए राहुल गांधी

गुवाहटी, एएनआइ। असम में विधानसभा चुनाव से पहले आज कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में पार्टी कार्यालय में घोषणापत्र जारी किया गया। इस दौरान राहुल गांधी ने भाजपा और संघ पर जमकर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि आरएसएस और भाजपा देश की विविध संस्कृतियों पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ द्वारा हमारी भाषाओं, इतिहास और हमारे सोचने के तरीके पर हमला किया जा रहा है। इसलिए यह घोषणापत्र एक गारंटी प्रदान करता है कि हम असम राज्य के विचारों की रक्षा करेंगे।

loksabha election banner

कांग्रेस असम में नफरत को खत्म कर शांति लाएगी : राहुल

वहीं, दूसरी ओर आज राहुल गांधी ने एक चुनावी सभा को भी संबोधित किया। असम विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए राज्य के दो दिन के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को भी भाजपा के खिलाफ हमला जारी रखा। भाजपा पर असम की संस्कृति, भाषा, इतिहास और भाईचारे को खत्म करने का आरोप लगाते हुए राहुल गांधी ने वादा किया कि कांग्रेस सत्ता में आती है तो राज्य से नफरत को खत्म कर शांति लाई जाएगी।

कांग्रेस नेता जोरहाट जिले के मरियानी में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। राहुल गांधी ने अपना पुराना आरोप भी दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के आम लोगों के लिए नहीं बल्कि अपने नजदीकी दो-तीन उद्योगपतियों के लिए काम करते हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस असम की संस्कृति, भाषा और पहचान की रक्षा करेगी। उन्होंने कहा कि यह राज्य असम के लोगों का है और इस पर नागपुर से शासन नहीं किया जा सकता। भाजपा पर हमला करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि पूरे राज्य को बाहरी लोगों के हाथों में सौंप दिया गया है।

राहुल ने कहा, 'सरकार ने आपके दो हजार करोड़ रुपये गुवाहाटी एयरपोर्ट के आधुनिकीकरण के लिए दिए थे। अब इसे आप से छीनकर अदाणी को सौंप दिया गया है। इस तरीके से देश में हर चीज उनके (मोदी) दो-तीन उद्योगपति मित्रों को दी जा रही है।'

राहुल ने कहा, मैं कभी झूठ नहीं बोलता

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग वादे करती है, लेकिन किसी को भी पूरा नहीं करती। राहुल ने कहा, 'मैं कभी झूठ नहीं बोलता। आप देखिए छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, राजस्थान और पंजाब में चुनाव से पहले मैंने क्या कहा था। मैंने कहा था कि किसानों के कर्ज माफ कर दिए जाएंगे। छत्तीसगढ़ में सरकार गठन के छह घंटे के भीतर यह काम कर दिया गया। इसी तरह दूसरे राज्यों में भी सभी वादों को पूरा किया गया।'

राज्य में दी जाएंगी पांच लाख नौकरियां: राहुल गांधी

राहुल ने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी तो नागरिकता संशोधन अधिनियम को निष्प्रभावी करने के लिए विधानसभा में बिल पेश किया जाएगा। पांच लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी, लोगों को 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी, गृहिणियों को हर महीने दो हजार रुपये दिए जाएंगे और चाय बगान के मजदूरों की दिहाड़ी बढ़ाकर 365 रुपये कर दी जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.