भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर अवसरवाद की राजनीति करने का लगाया आरोप, जानें क्या कहा
Assam Assembly Election 2021 भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने शुक्रवार को कांग्रेस पर अवसरवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि सत्ता की लालच में यह मानसिक और वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई है।
गुवाहाटी, पीटीआइ/एएनआइ। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कांग्रेस पर अवसरवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि सत्ता की लालच में यह मानसिक और वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई है। असम में तीन विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए नड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस ने सांप्रदायिक शक्तियों के साथ गठबंधन किया है और वाम दलों के साथ इसका संबंध अलग-अलग राज्यों में बदलता रहता है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, कांग्रेस मानसिक रूप से दिवालिया हो गई है और राजनीतिक अवसरवाद की राह पर चल रही है। यह बात मैं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पूरी जिम्मेदारी से कह रहा हूं। कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है और यह सत्ता में आने के लिए सांप्रदायिक शक्तियों के साथ गठबंधन करती रहती है।
नड्डा ने कहा, कांग्रेस पूरी धृष्टता से भाजपा पर सांप्रदायिक होने का आरोप लगाती है। लेकिन खुद इसने केरल में मुस्लिम लीग, बंगाल में इंडियन सेक्युलर फ्रंट और असम में बदरुद्दीन अजमल के नेतृत्व वाले आल इंडिया युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के साथ गठबंधन कर रखा है। इससे साफ है कि कांग्रेस खुद सांप्रदायिक है। इसके नेता अब चुनावों के दौरान मंदिर जाने लगे हैं, लेकिन पिछले 50 वर्षो में उन्होंने ऐसा नहीं किया।
नड्डा ने कहा कि यदि कांग्रेस गंभीर होती और पूर्व में ईमानदारी से धार्मिक प्रथाओं का पालन किया होता तो वह आज इस दयनीय हालत में नहीं होती और इन ताकतों से उसे हाथ नहीं मिलाना पड़ता। नड्डा ने राहुल पर असम से भेदभाव करने का भी आरोप लगाया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चाय के बगीचे में राहुल गांधी का फोटो खिंचा। आगे राहुल गांधी फोटो खिंचा रहे थे और पीछे चाय का बगीचा था। मैंने पता किया तो पता चला कि फोटों में चाय का बगीचा ताइवान का था। वोट मांग रहे हो असम के चाय बागान में और फोटो खिंचा रहे हो ताइवान का... अगली बार राहुल गांधी फिर आएं फोटो खिंचाने। फिर मैंने पता किया तो पता चला कि फोटो में चाय का बगीचा श्रीलंका का है। देसी नेता और परदेशी फोटो। कांग्रेस को असम के चाय बगीचे की फोटो तक नहीं मिली...