असम में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बोले- सत्ता में आने पर सिर्फ भ्रष्टाचार की गारंटी दे सकती है कांग्रेस
असम विधानसभा चुनाव के रण में कूदे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार से लेकर बदरुद्दीन अजमल की पार्टी के साथ गठबंधन के मुद्दे पर जमकर प्रहार किया। नड्डा ने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सिर्फ भ्रष्टाचार की गारंटी दे सकती।
धकुआखाना (असम), एजेंसियां। असम विधानसभा चुनाव के रण में कूदे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार से लेकर बदरुद्दीन अजमल की पार्टी के साथ गठबंधन के मुद्दे पर जमकर प्रहार किया। नड्डा ने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सिर्फ भ्रष्टाचार की गारंटी दे सकती। भाजपा अध्यक्ष ने यहां चुनाव रैली में कहा कि असम में चुनाव प्रचार करने आने वाले कांग्रेस नेता पांच गारंटी की बातें कर रहे हैं। लेकिन कांग्रेस सत्ता में आने के बाद सिर्फ 'भ्रष्टाचार' की गारंटी दे सकती हैं।
भ्रष्टाचार में जुटी रही कांग्रेस
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 60 साल तक कांग्रेस भ्रष्टाचार में जुटी रही। पिछले पांच साल के दौरान भाजपा की सरकार उन गड्ढों को भरती रही, सड़कों की मरम्मत करवाई और दो लेन के हाईवे को चार और छह लेन में बदला। कांग्रेस सिर्फ लटकाना, अटकाना और भटकाना जानती है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोड़ने में यकीन रखते हैं।
गोगोई ने बदरुद्दीन को नकारा लेकिन कांग्रेस लगा रही गले
वहीं, सोतिया की रैली में बदरुद्दीन अजमल की पार्टी एआइडीयूएफ और कांग्रेस के गठबंधन पर सवाल उठाते हुए नड्डा ने कहा कि असम के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे तरुण गोगोई ने जिस बदरुद्दीन अजमल को नकार दिया था, कांग्रेस आज उन्हें गले लगा रही है। गोगोई से जब 2006 के चुनाव में अजमल की पार्टी के साथ गठबंधन का सवाल किया गया था, तब उन्होंने कहा कि अजमल कौन है। आज कांग्रेस उसी अजमल को अपना भाई और मित्र बता रही है। इससे पहले कांग्रेस राज्य में घुसपैठ करने वाले मुस्लिमों को वोट बैंक समझती थी।
सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है कांग्रेस
बारचला की चुनावी रैली में नड्डा ने कहा कि सत्ता के लिए कांग्रेस किसी भी हद तक जा सकती है, लेकिन 'मुझे यकीन है कि दिवंगत मुख्यमंत्री (तरुण गोगोई) की आत्मा को पार्टी द्वारा उठाए गए इस कदम से शांति नहीं मिलेगी।' उन्होंने कहा, 'मुझे हैरानी हो रही है कि इसके बारे में उनके पुत्र (कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई) का क्या कहना है। क्या इसी तरह वो अपने पिता की राजनीति को आगे बढ़ाएंगे।' नड्डा कांग्रेस और एआइडीयूएफ के बीच गठबंधन पर बोल रहे थे।
कांग्रेस मुक्त होने की राह पर भारत
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश कांग्रेस मुक्त होने की राह पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि अभी भी कुछ राज्य बच गए हैं, लेकिन जल्द ही वह भी राजग का हिस्सा बन जाएंगे। बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने असम में हाल ही में चुनाव प्रचार के दौरान पार्टी की पांच गारंटी अभियान की शुरुआत की थी।