श्रीराम मंदिर निर्माण कार्य से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का है लक्ष्य
जागरण संवाददाता पश्चिमी दिल्ली रविवार को विश्व हिदू परिषद के निधि समर्पण अभियान के तहत आय
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : रविवार को विश्व हिदू परिषद के निधि समर्पण अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम के बाद अब भाजपा नजफगढ़ जिले की टीम भी इस अभियान में जोर शोर से जुट गई है। इसको लेकर जिला पदाधिकारियों ने बैठक का आयोजन कर आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। अयोध्या में हो रहे राम मंदिर निर्माण कार्य के लिए जन जागरण अभियान चलाया जाएगा और धन संग्रह किया जाएगा। लोग अपनी स्वेच्छा से जो भी दान करेंगे उसे राम मंदिर के निर्माण कार्य में लगाया जाएगा।
बैठक के दौरान भाजपा नजफगढ़ जिला के अध्यक्ष विजय सोलंकी ने बताया कि जिले की बैठक में तमाम तरह के विषयों पर बातचीत की गई। इलाके में जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में 26 जनवरी से प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता जनसभा को संबोधित करेंगे। इसकी तैयारी के लिए कार्यकर्ताओं की टीम बनाई गई। इसके अलावा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन जी प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे और ऐसे कार्यकर्ताओं से मिलेंगे जो पूर्व में सक्रिय कार्यकर्ता थे और उनके पास संगठन की जिम्मेदारी थी। जिला महामंत्री मुकेश मिश्रा ने बताया कि अभी मुख्य उद्देश्य श्रीराम मंदिर निर्माण से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ना है। इस दिशा में पूरे जिले की टीम कार्य कर रही है। भाजपा नजफगढ़ जिला के उपाध्यक्ष विनय चौहान ने बताया कि एक फरवरी से 21 फरवरी के बीच राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए पांच-पांच कार्यकर्ताओं की टीम बनाई गई है। इनके पास दस रुपये, सौ रुपये व हजार रुपये का कूपन होगा। इससे ज्यादा दान देने वालों को रसीद दी जाएगी साथ ही चेक लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इलाके के लोग भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण कार्य में अपना योगदान देने के लिए उत्साहित हैं।