डीटीयू के होनहार छात्र थे सुशांत : प्रो. योगेश सिंह
सुशांत सिंह राजपूत के आकस्मिक निधन पर उनके डीटीयू परिवार ने गहरा दुख प्रकट किया है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली:
जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के आकस्मिक निधन पर उनके दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू ) परिवार ने गहरा दुख प्रकट किया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि सुशांत सिंह के आकस्मिक निधन से हम सब बेहद स्तब्ध और दुखी हैं। वह डीटीयू (पूर्व में डीसीई) के एक होनहार छात्र रहे हैं।
कुलपति ने बताया कि सुशांत 2003 बैच के मैकेनिकल इंजीनियरिग के विद्यार्थी थे। उनके होनहार होने का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डीटीयू में दाखिले के लिए उन्होने 7वां रैंक हासिल किया था। वह न केवल एक लोकप्रिय अभिनेता थे, बल्कि इस संस्थान के एक लोकप्रिय छात्र भी थे। वह यहां आते रहते थे।
कुलपति ने कहा कि 2009 में सुशांत सिंह राजपूत ने 'पवित्र रिश्ता' नाटक में मानव देशमुख के रूप में एक गंभीर और परिपक्व किरदार निभाया, जो अपने परिवार को सहारा देने के लिए एक स्कूटर मैकेनिक का काम करता था। इस धारावाहिक में उनके काम को इतनी व्यापक सराहना मिली कि उन्हें सर्वश्रेष्ठ पुरुष अभिनेता और सबसे लोकप्रिय अभिनेता के लिए तीन प्रमुख टेलीविजन पुरस्कार मिले। इसके बाद 'काई पो चे' से लेकर उन्होने अनेकों फिल्मों में शानदार भूमिकाएं निभाई।
योगेश सिंह ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि उनका निधन विश्वविद्यालय परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है। संपूर्ण डीटीयू परिवार भगवान से कामना करता है कि उन्हें अपने चरणों में स्थान दे और उनके परिवार को यह गहन दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।
छात्रों संग अपने यादगार लम्हों को किया था साझा
डीटीयू के छात्रों ने बताया कि सितंबर 2019 में अपनी फिल्म 'छिछोरे' के प्रमोशन के लिए डीटीयू में आए थे। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर का दौरा कर विश्वविद्यालय में बिताए गए पलों को याद किया और उन्हें छात्रों के समक्ष साझा किया। उनके संस्थान पहुंचने पर छात्रों ने जोरदार स्वागत किया था। उस दौरान डीटीयू के छात्र महेंद्र सिंह धौनी पर बनी फिल्म पर उनके द्वारा निभाए गए किरदार के बाद उन्हें धौनी के नाम से पुकारने लगे थे।