श्याम प्रसाद चेस्ट अस्पताल का होगा कायाकल्प
पटपड़गंज वार्ड में स्थित डा. श्यामा प्रसाद चेस्ट अस्पताल का कायाकल्प होने वाला है। इस जर्जर अस्पताल की मरम्मत पर करीब 32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही यहां महिलाओं पुरुषों और दिव्यांगों के लिए 16 लाख रुपये की लागत से शौचालय भी बनेगा।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली :
पटपड़गंज वार्ड में स्थित डा. श्यामा प्रसाद चेस्ट अस्पताल का कायाकल्प होने वाला है। इस जर्जर अस्पताल की मरम्मत पर करीब 32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही यहां महिलाओं, पुरुषों और दिव्यांगों के लिए 16 लाख रुपये की लागत से शौचालय भी बनेगा। पूर्व महापौर और स्थानीय पार्षद बिपिन बिहारी सिंह ने इन दोनों का कार्यों का बृहस्पतिवार को शिलान्यास किया।
बिपिन बिहारी सिंह ने बताया कि इस अस्पताल की हालत काफी जर्जर हो चुकी है। कहीं छत कमजोर हो गई तो कहीं दीवारें। दरवाजे भी टूटे पड़े हैं। इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने इसके मरम्मत कार्य के लिए पूर्वी निगम को प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव पर बजट का आवंटन हो गया है। इसके बाद अब काम शुरू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शौचालय की सुविधा की मांग भी काफी समय से की जा रही थी। इसके लिए 16 लाख रुपये का आवंटन हुआ है। दोनों कार्य जल्द पूरे कर लिए जाएंगे। इसके बाद यहां आने वाले मरीजों को बेहतर माहौल मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि निगम के पास फंड का अभाव है लेकिन सीमित संसाधनों के बीच भी हम लोग बेहतर कार्य करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि जनता को दिक्कत न हो। यहां पर दूर-दूर से मरीज आते हैं। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष नरेश कपूर, महामंत्री एस मोहन, सीमा महेश्वरी, जेएनराय, गुड्डू सिंह, सरिता जैन, मेघा जैन, सोनी, सोनिया रस्तोगी, राजीव गर्ग, सुरेंद्र सिंह, नवनील शर्मा, हरपाल सिंह, दीपक जैन, सुनील गुप्ता, दीपक सिंह, अंकुश आदि मौजूद रहे।