इराक से उपचार कराने आए विदेशी नागरिक से लूट
जागरण संवाददाता पश्चिमी दिल्ली दिल्ली कैंट थाना क्षेत्र में इराक से उपचार कराने आए विदेशी
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली : दिल्ली कैंट थाना क्षेत्र में इराक से उपचार कराने आए विदेशी नागरिक से लूटपाट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
इराक के मोसूल शहर के रहने वाले अली तालीब लीवर ट्रांसप्लांट कराने भारत आए हुए हैं। यहां वे द्वारका सेक्टर सात स्थित एक होटल में ठहरे हैैं। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे वे गुरुग्राम में खरीददारी के लिए द्वारका से निकले। गुरुग्राम जाने के लिए होटल से ही उन्होंने कैब बुक कराई। जिस कैब से वे सफर कर रहे थे उसे अमित नामक शख्स चला रहे थे। कैब ने जैसे ही पालम फ्लाईओवर पार किया, एक कार ने उनकी कार को ओवरटेक किया और रुकने का इशारा किया। इशारा करने वाले शख्स ने खुद को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा में तैनात बताया। उस शख्स ने अपना पहचान पत्र भी दिखाया। इसके बाद कार ने पीड़ित की कार के आगे अपनी कार रोक दी। कार से एक शख्स निकला। उसने कहा कि उसे शक है कि नशीले पदार्थ की तस्करी की जा रही है। यह कहते हुए उसने पीड़ित के पहने जैकेट के एक जेब में हाथ दिया और उससे प्लास्टिक निकाला। उस प्लास्टिक में रखे पदार्थ को सूंघने के बाद उन्होंने कहा कि यह नशीला पदार्थ है। इसके बाद दूसरे जेब में रखे पैसे उसने निकाल लिए। इस जेब में करीब 23 लाख रुपये थे। यह रुपये पीड़ित ने अपने उपचार के लिए लाया था। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कार में बैठा दूसरा आरोपित शख्स धीमी रफ्तार में कार चला रहा था। जैसे ही आरोपित के हाथ रुपया लगा, वह उस कार में बैठकर फरार हो गया। अरबी भाषा में बात कर रहा था आरोपित : पीड़ित ने पुलिस को बताया कि जिस शख्स ने जेब से पैसे निकाले वह उनसे अरबी भाषा में बात कर रहा था। आरोपित ने पहले चालक से बात की फिर पीड़ित से अरबी भाषा में बातचीत शुरू कर दी। ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपित ऐसा शख्स है जो इराक या अन्य अरब देशों के नागरिकों के संपर्क में पहले भी रहा है। यह भी अंदेशा है कि उसने पहले भी इसी तरीके से विदेशी नागरिकों को शिकार बनाया हो, लेकिन पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत नहीं दी होगी। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे
बदमाशों के फरार होने के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित के बयान लिए और तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस अब दिल्ली छावनी इलाके में जगह जगह लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।